सिंघु बॉर्डर: स्थानीय लोगों और प्रदर्शनकारियों के बीच चले पत्थर, SHO को मारी गई तलवार

नई दिल्ली। दिल्ली की सीमाओं पर कृषि कानूनों के खिलाफ जारी प्रदर्शन के बीच सिंघु बॉर्डर पर आज स्थानीय लोगों और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान दोनों तरफ से पत्थरबाजी शुरू हो गई।

पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले भी दागे। पुलिस मामले को शांत करवाने के लिए किसान नेताओं और दूसरे पक्ष के लोगों से बात करने की कोशिश कर रही है।

दरअसल आज एक बार फिर स्थानीय लोग प्रदर्शन रोकने और रोड खाली कराने के लिए धरनास्थल पर पहुंचे थे। इसके बाद किसानों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। 

सिंघु बॉर्डर पर हुई हिंसक झड़प में अलीपुर व नरेला के एसएचओ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एसएचओ नरेला व अलीपुर को स्थानीय प्रदर्शनकारियों ने तलवार मारी जो उनके हाथ में लग गई,

जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। 

जानकारी के अनुसार स्थानीय लोग शुक्रवार सुबह से ही किसान आंदोलनकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। ये लोग हाईवे खाली करने की मांग कर रहे थे। 

दोपहर को दोनों गुटों में पत्थरबाजी होने लगी। इसके बाद पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। बवाल में पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों के घायल होने की खबर है। 

इससे पहले गुरुवार को भी सिंघु सीमा पर किसान संगठनों के खिलाफ गांव वाले सड़कों पर उतर आए थे। उन्होंने मांग की है कि राजमार्ग को तुरंत खाली किया जाए।

Back to top button