एमएलसी अरविन्द शर्मा के प्रयास से हुई रेडियोलाजिस्ट की नियुक्ति, क्षेत्रीय जनता प्रसन्न

मऊ (उप्र)। उप्र के मऊ के जिला अस्पताल में वर्ष 2018 से एक्स-रे मशीन का कोई उपयोग नहीं हो रहा था क्योंकि वहां रेडियोलाजिस्ट का पद रिक्त था। मरीजों को एक्स-रे की सुविधा नहीं मिल रही थी।
एक्स-रे मशीन उपयोग ने होने के कारण धूल खा रही थी। एक्स-रे की जरुरत वाले केस, विशेषतौर पर शरीर पर चोट लगने वाले कानूनी केस (मेडिको लीगल) बलिया या आजमगढ़ भेजे जा रहे थे।
वहां जाने पर भी कई बार आमजन को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। विदित है कि ऐसे केस में मेडिकल जांच के बिना कोई अस्पताल मरीज़ की दवा नहीं करता है। इस प्रक्रिया में मरीजों एवं परिजनों को असहनीय कष्ट होता था।
भाजपा एमएलसी अरविन्द कुमार शर्मा के संज्ञान में यह बात 13-14 फरवरी को अपने मऊ भ्रमण के दौरान आई। उन्होंने आजमगढ़ के कमिश्नर, मऊ के डीएम एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखा। सचिव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया।
उनके मऊ दौरे के 10 दिन के अंदर ही रेडियोलाजिस्ट ने मऊ जिला अस्पताल में कार्यभार संभाल लिया। क्षेत्र की जनता इससे बहुत खुश है। अरविन्द कुमार शर्मा ने क्षेत्र की जनता के साथ-साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को धन्यवाद दिया है।
