उत्तराखंड: तीरथ सिंह रावत नए मुख्यमंत्री, आज शाम चार बजे लेंगे शपथ

तीरथ सिंह रावत

देहरादून। तीरथ सिंह रावत देवभूमि उत्तराखंड के नए मुख्‍यमंत्री होंगे। रावत गढ़वाल से भाजपा सांसद हैं। आज हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्‍हें नया नेता चुना गया। तीरथ सिंह रावत और कुछ मंत्री आज शाम चार बजे राजभवन में शपथ लेंगे।

निवर्तमान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बैठक खत्म होने के बाद तीरथ सिंह रावत के नाम का ऐलान किया। कल शाम त्रिवेंद्र रावत ने राज्‍यपाल बेबी रानी मौर्य को अपना इस्‍तीफा सौंप दिया था।

बैठक में छत्‍तीसगढ़ के पूर्व मुख्‍यमंत्री और उत्‍तराखंड के प्रभारी डॉ. रमन सिंह, केन्द्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के अलावा निवर्तमान मुख्‍यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्‍यक्ष बंशीधर भगत, दुष्‍यंत कुमार गौतम, यशपाल आर्य, रेखा आर्य समेत उत्‍तराखंड से भाजपा के सभी सांसद और विधायक मौजूद रहे।

कौन हैं तीरथ सिंह रावत

तीरथ सिंह रावत, फरवरी 2013 से दिसंबर 2015 तक उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे। वह चौबट्टाखाल से विधायक (2012-2017) भी रह चुके हैं। वर्तमान में तीरथ सिंह रावत भाजपा के राष्ट्रीय सचिव के साथ साथ गढ़वाल लोकसभा से सांसद भी हैं।

आरएसएस के प्रचारक भी थे तीरथ

तीरथ सिंह रावत के राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र जीवन में ही हो गई थी। वह हेमवती नंदन गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्र संघ अध्यक्ष और भाजपा युवा मोर्चा (उप्र) में प्रदेश उपाध्यक्ष भी रहे। वर्ष 1983 से 1988 तक वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक रहे। वह अभाविप (उत्तराखण्ड) के संगठन मंत्री और राष्ट्रीय मंत्री भी रह चुके हैं।

‘प्रदेश की बेहतरी के लिए करूंगा काम’ 

सीएम पद के लिए अपने नाम की घोषणा होने के बाद तीरथ सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, ‘मुझे जो जिम्मेदारी मिली है उसे पूरी तरह से निभाऊंगा। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सीएम रहते जो काम किए उन्हें मैं आगे बढ़ाने का काम करूंगा। प्रदेश की बेहतरी के लिए काम करूंगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button