राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि आज: राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री सहित कई हस्तियों ने किया नमन

नई दिल्ली। आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 73वीं पुण्यतिथि है। 30 जनवरी 1948 के दिन नाथूराम गोडसे ने उनकी हत्या कर दी थी।
बापू की पुण्यतिथि पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें नमन किया। वहीं, राहुल गांधी ने भी पुण्यतिथि पर महात्मा गांधी को याद किया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनको याद करते हुए ट्वीट किया, ‘मैं कृतज्ञ राष्ट्र की तरफ से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
हमें शांति, अहिंसा, सादगी, साधनों की पवित्रता और विनम्रता के उनके आदर्शों का पालन करना चाहिए। आइए हम उनके सत्य और प्रेम के मार्ग पर चलने का संकल्प लें।’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘महान बापू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। उनके आदर्श लाखों लोगों को प्रेरित करते रहते हैं। शहीद दिवस पर हम उन सभी महान महिलाओं और पुरुषों के वीर बलिदानों को याद करते हैं जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता और प्रत्येक भारतीय की भलाई के लिए खुद को समर्पित किया।‘
राहुल गांधी ने किया नमन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी पुण्यतिथि पर बापू को याद किया। राहुल गांधी ने वीडियो के साथ महात्मा गांधी के एक कोट को ट्वीट करते हुए लिखा- ‘सत्य लोगों के समर्थन के बिना भी खड़ा रहता है, वह आत्मनिर्भर है।’ बापू की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।
महात्मा गांधी ने अपने जीवन के 50-60 वर्ष देश की सेवा में लगाए। आजादी के संघर्ष में कांग्रेस में नरम और गरम, दोनों तरह के नेता थे लेकिन वे सभी गांधी को ही अपना नेता और मार्गदर्शक समझते थे। आज बापू भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार हमेशा हमें प्रेरित करते हैं और रहेंगे।
