रूस-यूक्रेन युद्ध: मानवीय कारिडोर के लिए पांच शहरों में युद्ध विराम की घोषणा

रूस यूक्रेन युद्ध (फाइल फोटो)

कीव। रूस-यूक्रेन युद्ध के 13वें दिन आज मंगलवार को रूस ने पांच शहरों कीव, चेर्निहाइव, सुमी, खार्किव और मारियुपोल शहरों में मानवीय कारिडोर को खोलने के लिए युद्ध विराम की घोषणा की है। यूक्रेन में मास्को के समय अनुसार सुबह 10 बजे से युद्ध विराम की घोषणा की गई है।

भारत में रूसी दूतावास ने बताया कि, यूक्रेन के युद्धग्रस्त क्षेत्रों से लोगों को निकालने के लिए मास्को के समयानुसार सुबह 10:00 बजे से युद्ध विराम की घोषणा की है।

दूसरी ओर, बेलारूस में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच सोमवार को संपन्न हुई तीसरे दौर की वार्ता में कोई खास नतीजा नहीं निकला। हालांकि, ये माना जा रहा है कि जल्द ही दोनों देशों के बीच चौथे दौर की वार्ता होगी।

रूस के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा सोमवार को बेलारूस में रूस और यूक्रेन के बीच तीसरे दौर की वार्ता हुई। बैठक में दोनों पक्षों ने नागरिकों को निकालने के मुद्दों पर जोर दिया।

वहीं, कीव इंडिपेंडेंट ने यूक्रेन के सशस्त्र बलों के कमांडर वेलेरी जालुजनी के हवाले से बताया कि यूक्रेन के वायु रक्षा बलों ने कीव के ऊपर रूसी विमान को मार गिराया है।

यहीं नहीं, यूक्रेन के कीव इंडिपेंडेंट ने यह भी जानकारी दी है कि रूसी मेजर जनरल वाइटली गेरासिमोव को खारकीव के करीब मार गिराया गया है।

रूस-यूक्रेन की स्थिति पर संयुक्त राज्य अमेरिका ने कहा है कि रूस से तेल आयात पर प्रतिबंध को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।

बता दें कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा पिछले महीने विशेष सैन्य अभियान की घोषणा के बाद संयुक्त राज्य अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों ने रूस पर कई प्रतिबंध लगाए हैं।

Back to top button