छठ महापर्व पर शीर्ष नेताओं ने दी शुभकामनाएँ, आस्था और प्रकृति के संगम को किया नमन

Chhath Puja 2025: देशभर में नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है। सूर्य उपासना और लोक आस्था के इस महापर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा केंद्र सरकार के कई मंत्रियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ दीं और छठ की सांस्कृतिक महत्ता को रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय संस्कृति का यह विराट उत्सव सादगी, संयम और नियम-निष्ठा का अद्भुत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छठ के घाटों पर दिखने वाला दृश्य पारिवारिक और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देता है। पीएम मोदी ने कहा कि छठ की प्राचीन परंपरा का समाज पर गहरा प्रभाव रहा है, और आज यह विश्व के कोने-कोने में संस्कृति के महाउत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए छठी मइया से भरपूर आशीर्वाद की कामना की और इस पर्व के भक्ति-गीतों का भी उल्लेख किया, जिनमें प्रकृति के प्रति अद्भुत भावना समाई होती है।


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि लोक आस्था का यह चार दिवसीय महापर्व आत्मानुशासन का पर्व है। उन्होंने कहा कि लोग शुद्ध अंतःकरण और निर्मल मन से अस्ताचल और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। उन्होंने भगवान भास्कर से राज्य की प्रगति, सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

यह भी पढ़ें…

‘अबकी बार मोदी सरकार’ और ‘ठंडा मतलब कोका‑कोला’ जैसे स्लोगनों के जनक पीयूष पांडे का निधन


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी छठ पूजा को परंपरा, आस्था और सामाजिक समरसता का उत्सव बताया और छठी मईया से सभी के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी नहाय-खाय के शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

यह भी पढ़ें…

Spicejet: उड़ान भरने के बाद ही फ्लाइट में मचा हड़कंप; पायलट की सूझबूझ से टला हादसा


छठ पूजा के दौरान नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य जैसे अनुष्ठान पूरे संयम और पवित्रता के साथ किए जाते हैं। देश भर में इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में अत्यधिक उत्साह है और विभिन्न राज्यों में घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है।

यह भी पढ़ें…

PM मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई फोन पर बात, पढ़ें किन मुद्दों पर हुई बात

Back to top button