डेमोक्रेट्स पर ट्रंप का हमला तेज, कहा- एपस्टीन के असली लिंक अब सामने आएंगे
Jeffrey Epstein Files: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन की जांच से जुड़ी फाइलें सार्वजनिक करने वाले बिल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। बुधवार देर रात ट्रंप ने इसका ऐलान किया।
इससे पहले यह बिल कांग्रेस के दोनों सदनों में भारी बहुमत से पारित हुआ था। नए कानून के तहत डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस को एपस्टीन के खिलाफ की गई जांच से जुड़ी सभी जानकारी 30 दिनों के भीतर खोजने और डाउनलोड करने योग्य फॉर्मेट में जारी करनी होगी।
शुरुआत में ट्रंप का विरोध, अब दस्तावेज़ जारी करने का आदेश
मामले को लेकर शुरू में ट्रंप प्रशासन ने आपत्ति जताई थी, लेकिन पिछले रविवार को ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से कहा कि रिपब्लिकन इसे आगे बढ़ाने के पक्ष में वोट कर सकते हैं। इसके बाद हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने 427-1 के अंतर से प्रस्ताव मंजूर किया और सीनेट ने भी इसे हरी झंडी दे दी।
वोटिंग से पहले डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन के बीच संसद में तीखी बहस हुई। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर दस्तावेज़ों तक सार्वजनिक पहुंच में देरी कराने का आरोप लगाया। हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का जांच फाइलों को रोकने में कोई रोल नहीं था और उनके पास “छिपाने को कुछ भी नहीं” है।
यह भी पढ़ें…
भारत–अमेरिका व्यापार समझौता जल्द संभव, दोनों देशों से मिले सकारात्मक संकेत
डेमोक्रेट नेताओं से एपस्टीन के संबंधों पर ट्रंप का हमला
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म Truth Social पर ट्रंप ने एपस्टीन को “जीवनभर डेमोक्रेट” बताया और दावा किया कि उसका कई बड़े डेमोक्रेट नेताओं से घनिष्ठ जुड़ाव था। उन्होंने बिल क्लिंटन, लैरी समर्स, रीड हॉफमैन, हकीम जेफ्रीज़ और स्टेसी प्लास्केट जैसे नेताओं का नाम लेते हुए कहा कि “एपस्टीन और इन डेमोक्रेट्स के संबंधों की सच्चाई अब सामने आएगी।”
ट्रंप ने यह भी कहा कि उनकी अपील पर DOJ पहले ही कांग्रेस को करीब 50,000 पेज के दस्तावेज सौंप चुका है, जबकि उनका आरोप है कि “बाइडेन प्रशासन ने एपस्टीन से जुड़ा एक भी दस्तावेज़ कभी सार्वजनिक नहीं किया।”
यह भी पढ़ें…
Saudi Arabia Accident: बस-तेल टैंकर की भीषण टक्कर, 42 भारतीय जिंदा जले
डेमोक्रेट्स पर राजनीतिक आरोप
ट्रंप ने कहा कि डेमोक्रेट्स इस मुद्दे को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि उनकी सरकार की उपलब्धियों—जैसे टैक्स कटौती, सीमा सुरक्षा, मुद्रास्फीति नियंत्रण और हाल ही के शटडाउन में डेमोक्रेट्स की “हार”—से जनता का ध्यान भटकाया जा सके।
एपस्टीन मामला क्या है?
जेफरी एपस्टीन एक दोषी यौन अपराधी था जिसकी 2019 में न्यूयॉर्क की फेडरल जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसकी मौत और उसके प्रभावशाली लोगों से संबंध लंबे समय से अमेरिकी राजनीति का संवेदनशील और विवादित मुद्दा बने हुए हैं।
यह भी पढ़ें…





