Trump का बना फर्जी आधार कार्ड … Demo देने पर NCP विधायक रोहित पवार पर FIR दर्ज

Fake Aadhaar Card Demo: महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, उन्होंने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फर्जी आधार कार्ड बनाकर यह दिखाया कि कैसे कोई भी व्यक्ति गलत जानकारी डालकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर सकता है। इस ‘लाइव डेमो’ के बाद भाजपा ने इसे गंभीर सुरक्षा उल्लंघन बताया और रोहित पवार के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।

भाजपा नेता ने की शिकायत
भाजपा के सोशल मीडिया समन्वयक धनंजय वागस्कर ने साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि विधायक रोहित पवार का यह कृत्य न केवल देश की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था के लिए खतरा है, बल्कि इससे आधार जैसी स्वायत्त संस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठते हैं।

शिकायत के आधार पर मुंबई साइबर पुलिस ने रोहित पवार समेत वेबसाइट निर्माता, उपयोगकर्ता, मालिक और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (IPC) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें…

सतारा में महिला डॉक्टर ने की आत्महत्या, पुलिस अधिकारी और सांसद के सहायकों पर आरोप

क्या है मामला?
16 अक्टूबर को हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शरद पवार के पोते रोहित पवार ने आरोप लगाया था कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की गईं। उन्होंने कहा कि कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में फर्जी मतदाता जोड़े गए, जबकि सही मतदाताओं के नाम हटा दिए गए।

इसी दौरान रोहित ने यह दिखाने के लिए कि फर्जी दस्तावेज बनाना कितना आसान है, एक फर्जी वेबसाइट पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आधार कार्ड तैयार करके मीडिया को दिखाया। इस कार्ड पर ट्रंप की तस्वीर, झूठी जानकारी और भारत सरकार का प्रतीक चिह्न था।

पुलिस ने कहा — मामला गंभीर
मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा और डेटा संरक्षण से जुड़ा हुआ है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि आधार डेमो के लिए उपयोग की गई वेबसाइट का संचालन किसने किया और क्या उसका कोई संबंध किसी राजनीतिक संगठन से है।

यह भी पढ़ें…

मुंबई में प्रेम विवाद का खौफनाक मंजर… प्रेमिका पर हमला फिर खुद की ली जान

विपक्ष ने कहा — ‘भ्रष्टाचार उजागर करने पर बदले की कार्रवाई’
वहीं, एनसीपी (शरद पवार गुट) ने इस FIR को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि रोहित पवार ने केवल यह दिखाया था कि आधार प्रणाली में कितनी कमियां हैं, ताकि सरकार उन्हें दूर करे।

भाजपा का पलटवार
भाजपा नेताओं ने कहा कि किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष के नाम पर फर्जी भारतीय पहचान पत्र बनाना अत्यंत आपत्तिजनक और गैरकानूनी है। इससे भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंच सकता है।

यह भी पढ़ें…

लातूर में दीपावली सजावट के दौरान तीसरी मंजिल से गिरा दो मजदूर, टला बड़ा हादसा

Back to top button