1 मार्च से फिर शुरू होगा कोरोना टीकाकरण अभियान, निजी केन्द्रों पर भी मिलेगी यह सुविधा

Vaccine-India-News

नई दिल्‍ली। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कोरोना टीकाकरण अभियान का अगला चरण 1 मार्च से शुरू होगा। इसमें 60 साल से ज्‍यादा उम्र वालों को वैक्‍सीन दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों की संख्‍या 10 करोड़ से ज्‍यादा है।

जावड़ेकर ने बताया कि इस चरण में 10,000 सरकारी केंद्रों और 20 हजार से ज्‍यादा प्राइवेट केंद्रों पर टीकाकरण होगा। कैबिनेट ब्रीफिंग के दौरान, जावड़ेकर ने कहा कि सरकारी केंद्रों पर टीकाकरण मुफ्त में होगा

जबकि निजी सेंटर्स/हॉस्पिटल्‍स में जाने पर वैक्‍सीन की कीमत चुकानी होगी। वो कीमत कितनी होगी, स्‍वास्‍थ्‍य विभाग दो-तीन दिन में उसके बारे में घोषणा करेगा। अभी सभी संबंधित उत्‍पादकों, अस्‍पतालों से चर्चा की जाएगी।”

टीकाकरण के इस चरण में 45 साल से ऊपर उम्र वाले वे लोग भी शामिल होंगे जिन्‍हें को-मॉर्बिडिटीज हैं।

भारत में 60 साल से ज्‍यादा उम्र वालों और को-मॉर्बिडिटीज से जूझ रहे लोगों को वैक्‍सीन के लिए सेल्‍फ रजिस्‍टर करने की अनुमति मिल सकती है। ये लोग उस जगह का चुनाव भी कर पाएंगे जहां इन्‍हें टीका लगवाना है।

इसके लिए मोबाइल ऐप में बदलाव किए गए हैं। पहले 50 से ज्‍यादा उम्र वालों को रजिस्‍टर करने की अनुमति देने की बात थी लेकिन फिर इसे बढ़ाकर 60 साल कर दिया गया

क्‍योंकि उन्‍हें ज्‍यादा रिस्‍क है। वैक्‍सीनेशन का सर्टिफिकेट Co-WIN और डिजिलॉकर जैसे सरकारी प्‍लेटफॉर्म्‍स पर उपलब्‍ध होगा।

अबतक 1.21 करोड़ को लग चुका है टीका

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी की सुबह तक 1,21,65,598 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इनमें 64,98,300 हेल्‍थ वर्कर्स (पहली डोज), 13,98,400 हेल्‍थ वर्कर्स (दूसरी डोज) और 42,68,898 फ्रंटलाइन वर्कर्स (पहली डोज) शामिल हैं।

Leave a Reply

Back to top button