उन्नाव में एक और पति का कत्ल; ‘लवर’ के चक्कर में पत्नी ने करा दी हत्या…

Unnao murder case: यूपी के उन्नाव जिले में पिछले दिनों अचलगंज थाना क्षेत्र में मिली लाश का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. मृतक की पहचान इमरान के रूप में हुई और उसकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी ने अपने बॉयफ्रेंड से करवाई थी.

Unnao murder case: एकलाख नगर निवासी इमरान उर्फ काले की हत्या किसी और ने नहीं उसकी पत्नी ने कराई थी. इस हत्याकांड के खुलासे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि इमरान की पत्नी शिफा ने अपने प्रेमी फरमान और उसके साथी रफीक के साथ मिलकर पति की हत्या करा डाली. पूरी प्लानिंग के साथ इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया. मर्डर का खुलासा बीघापुर के सीओ ऋषिकांत शुक्ला ने किया.

प्रेम विवाह के बाद भी हत्या:

इमरान और शिफा की लव-हेट स्टोरी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है. पहले पति को छोड़ने के बाद शिफा ने इमरान से प्रेम-विवाह किया था. इमरान ई-रिक्शा चलाकर घर का खर्च चलाता था, लेकिन वह नशे की लत का शिकार था. घरेलू परिस्थितियां ठीक नहीं थीं और आर्थिक हालात कमजोर थे. करीब 3 साल पहले शिफा की मुलाकात अचलगंज के तुरकिया बदर गांव निवासी फरमान उर्फ चुना से हुई. शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. इमरान जब घर पर नहीं रहता, तब फरमान शिफा के घर आने-जाने लगा. कुछ समय बाद वह सऊदी अरब चला गया, लेकिन दोनों के बीच बातचीत जारी रही.

रची हत्या की साजिश: 

करीब 4 महीने पहले इमरान और शिफा के बीच झगड़ा हुआ. इसके बाद शिफा मायके चली गई. इसी बीच 16 जून को फरमान सऊदी अरब से लौटकर वापस आया. उसने शिफा के संपर्क किया. इमरान को जब पत्नी के पुराने संबंधों की भनक लगी, तो उसने शिफा को वापस घर बुला लिया. 1 जुलाई को शिफा को पता चला कि वह प्रेमी फरमान के बच्चे की मां बनने वाली है. इस पर फरमान ने गर्भपात की सलाह दी, लेकिन शिफा गर्भपात के लिए तैयार नहीं हुई. उसने फरमान से शादी करने की बात कही और पति इमरान को हटाने की योजना बनाई.

प्लानिंग के तहत कत्ल: 

6 जुलाई की शाम फरमान ने अपने गांव के दोस्त रफीक कुरैशी उर्फ लाली को इस योजना में शामिल किया. सबसे पहले इमरान को घर से बाहर बुलाकर शराब पिलाई और फिर उसे उसके घर छोड़ दिया, ताकि किसी को शक न हो. इसके बाद शिफा के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल करके इमरान को दोबारा बाहर बुलाया. इमरान, पहले से ही नशे में था. वह गांव के बाहर मिलने पहुंचा, जहां फरमान और रफीक ने उसे फिर से शराब पिलाई. जब वह पूरी तरह बेहोश हो गया तो उसे बाइक पर बैठाकर अचलगंज थाना क्षेत्र के सिटी ट्रेन नाले पर स्थित पुल पर ले जाया गया. वहां गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. लाश को नाले में फेंक दिया.

पुलिस को मोबाइल से मिला सुराग: 

घटना के बाद जब इमरान घर नहीं लौटा तो परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और व्हाट्सएप कॉल्स के रिकॉर्ड की मदद जांच शुरू की. मोबाइल की अंतिम लोकेशन और कॉल डिटेल्स से फरमान और शिफा की भूमिका सामने आ गई. पूछताछ के बाद शिफा और फरमान को गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं, तीसरा आरोपी रफीक कुरैशी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है.

स्थानीय लोगों में इस हत्याकांड को लेकर गहरा आक्रोश है. एक बुजुर्ग मोहल्लेवासी ने कहा कि ऐसा विश्वासघात तो हमने फिल्मों में भी नहीं देखा था. यह सबक है, कि रिश्तों में विश्वास और छल कितना खतरनाक हो सकता है.

Back to top button