
लखनऊ में बनेगा अनोखा ‘मैंगो पार्क’; 15 एकड़ में 2,068 पौधे लगेंगे
UP news: प्रदेश की राजधानी में पर्यटन, हरियाली और जैव-विविधता को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम अनोखी पहल करने जा रहा है. रायबरेली रोड पर किसान पथ के पास कल्ली पश्चिम में 15 एकड़ का मैंगो पार्क विकसित किया जा रहा है.
नगर आयुक्त ने इस कार्य का निरीक्षण किया. उन्होंने सीएनडीएस द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की और सभी काम समय से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं.
थीम मैंगो पार्क:
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि यह पार्क शहर का ही नहीं, बल्कि देश का अनूठा ‘मैंगो थीम पार्क’ होगा. इसमें आम की 108 प्रजातियों के 2,068 पौधे लगाए जाएंगे. मिशन अमृत 2.0 के तहत आम्रपाली, दशहरी, अंबिका, चौसा समेत अनेक किस्मों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह पार्क सिर्फ हरियाली का स्थान नहीं होगा, बल्कि आम पर आधारित ज्ञान और जागरूकता का केंद्र भी बनेगा.
म्यूजियम होगा केंद्र:
पार्क में 400 वर्गमीटर का मैंगो म्यूजियम बनाने की तैयारी जोर-शोर से जारी है. इसमें देश भर में पाई जाने वाली आम की 775 प्रजातियों की जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी. पार्क आम को देखने, पहचानने और उसके स्वाद का आनंद लेने के साथ-साथ उसके इतिहास, वैज्ञानिक विशेषताओं और भौगोलिक विविधता को समझने का महत्वपूर्ण स्थल बनेगा.
मैंगो हाट और कियोस्क:
इसके साथ ही पार्क में मैंगो हाट भी बनाया जाएगा, जहां आम और आम से बने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री होगी. इससे स्थानीय किसानों को बेहतर मार्केट प्लेटफॉर्म मिलेगा. इस काम के लिए उद्यान विभाग और केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, रहमानखेड़ा का सहयोग लिया जा रहा है. पार्क परिसर में आवश्यकता के अनुसार मैंगो कियोस्क स्थापित किए जाएंगे. इनमें विभिन्न उत्पाद उपलब्ध रहेंगे.
पार्क में तालाब:
नगर निगम ने 1,930 वर्गमीटर के तालाब के निर्माण की योजना बनाई है. इसमें वाटर लिली और कमल के पौधे लगाकर इसे आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा. पार्क में चार मैंगो म्यूरल और एक ट्री म्यूरल भी बनेंगे. पार्क के भीतर के मार्गों का नाम भी विभिन्न आम की प्रजातियों पर रखा जाएगा. शाम के समय पार्क को रोशन करने वाली लाइटें आम के आकार की होंगी, जिससे इसका थीम और भी जीवंत दिखाई देगा.
बच्चों के लिए विशेष जोन:
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि बच्चों की रुचि को ध्यान में रखते हुए पार्क में 17 आधुनिक झूले लगाए जाएंगे. साथ ही बैठने के लिए पर्याप्त बेंच लगाई जाएंगी. ताकि परिवारों और पर्यटकों के लिए पार्क आकर्षक गंतव्य बन सके.
लखनऊ का यह मैंगो पार्क न केवल पर्यावरण संरक्षण और जैव-विविधता को बढ़ावा देगा, बल्कि शहर की पहचान में एक नया अध्याय भी जोड़ेगा. नगर निगम इसे लखनऊ का प्रमुख पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है.
वन क्षेत्र भी होगा:
प्रवेश द्वार पर पत्थर से बना भव्य आम आगंतुकों का स्वागत करेगा. 1260 मियावाकी पौधों के साथ बायोडाइवर्सिटी पार्क की दिशा में कदम नगर आयुक्त ने बताया कि मैंगो पार्क को बायोडाइवर्सिटी पार्क का रूप देने के लिए 18,828 अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे.
पार्क की बाउंड्रीवॉल के आसपास बरगद, अमलतास, पीपल और गुलमोहर जैसे छायादार पौधे लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा मियावाकी पद्धति के तहत आम, अमरूद, आंवला, जामुन, मौलश्री, शीशम, अशोक, करौंदा और नींबू सहित कुल 20 प्रजातियों के 1,260 पौधे लगाकर घना वन क्षेत्र तैयार किया जाएगा.





