UP News: सीट बंटवारे का पेंच अटका, फैसले के बाद न्याय यात्रा में शामिल होंगे अखिलेश यादव?

लोकसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच उत्तर प्रदेश में सीटों के बंटवारे पर बात अटक गई है। राहुल गांधी न्याय यात्रा लेकर यूपी में वाराणसी और अमेठी से गुजर गए, मगर सपा प्रमुख अखिलेश यादव उनकी राजनीतिक यात्रा में शामिल नहीं हुए। सीट शेयरिंग पर पेच फंसने के कारण अखिलेश रायबरेली भी नहीं पहुंचे। कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि राहुल के लखनऊ पहुंचने तक दोनों पार्टियों में सीटों का विवाद सुलझ जाएगा

लोकसभा चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन अभी टूटा नहीं है। तमाम अटकलों और अफवाहों के बीच दोनों पार्टियों में बातचीत चल रही है। मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में बंटवारे को लेकर दो दौर की बातचीत हो चुकी है। जिसमें समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के लिए 17 लोकसभा क्षेत्र छोड़ने का प्रस्ताव दिया है। ख़ास बात यह है कि इनमें गौतमबुद्ध नगर, गाज़ियाबाद और बुलंदशहर लोकसभा सीट भी शामिल हैं। आपको बता दें कि सोमवार को समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। जिसमें 11 लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है।

सपा ने कांग्रेस को इन 17 सीटों का दिया ऑफर

  1. अमेठी 
  2. रायबरेली 
  3. वाराणसी 
  4. अमरोहा 
  5. बागपत 
  6. सहारनपुर 
  7. गौतम बुद्ध नगर
  8. ⁠गाजियाबाद 
  9. बुलंदशहर 
  10. फतेहपुर सीकरी 
  11. हाथरस 
  12. झांसी 
  13. बाराबंकी 
  14. कानपुर 
  15. सीतापुर
  16. कैसरगंज 
  17. महाराजगंज

किन 3 सीटों पर विवाद?
कांग्रेस ने SP प्रमुख अखिलेश यादव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद सीट मांगी है, जिसे अखिलेश ने देने से मना कर दिया है। इसके अलावा कांग्रेस बिजनौर और बलिया से भी अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है, लेकिन अखिलेश ये सीटें भी नहीं देना चाहते।
बता दें कि अखिलेश ने सीटों की बात पक्की होने के बाद मंगलवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने की बात कही थी। यात्रा मंगलवार को रायबरेली पहुंचेगी।

कांग्रेस क्यों चाहती है ये 3 सीटें?
वैसे तो मुरादाबाद सीट पर SP ने 2019 लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की थी, लेकिन कांग्रेस का कहना है कि उसने मुरादाबाद में हुए मेयर के चुनाव में दूसरा स्थान पाया है और मामूली अंतर से हारी है। ऐसे में उसे इस पर दांव आजमाना चाहिए।
इसी तरह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बलिया से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं, जिसे SP का गढ़ माना जाता है।
बिजनौर में बहुजन समाज पार्टी (BSP) का सांसद है।

आज लखनऊ पहुंच रही है राहुल गांधी की यात्रा
दूसरी तरफ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ‘भारत छोड़ो न्याय यात्रा’ मंगलवार को लखनऊ पहुंच रही है। कांग्रेस ने न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए समाजवादी पार्टी को न्यौता भेजा था। समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव ने कांग्रेस का यह न्योता स्वीकार कर लिया था। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को यात्रा में शामिल होने का निर्देश दिया गया। अब सोमवार को यकायक समाजवादी पार्टी ने यात्रा में शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद अटकलें लग रही थीं कि उत्तर प्रदेश में भी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन टूटने वाला है। आपको बता दें कि राष्ट्रीय लोकदल ने समाजवादी पार्टी से नाता तोड़ लिया है। रालोद के मुखिया जयंत चौधरी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी के साथ जा चुके हैं।

Back to top button