UP Weather: यूपी में ठंड का तांडव, IMD का लेटेस्ट अपडेट आया सामने

UP Weather: पूरा उत्तर भारत इस समय ठंड की गिरफ्त में है। पहाड़ों पर जारी बर्फबारी और उत्तर भारत के राज्यों में इसके असर से लोग राहत के लिए अलाव और मोटे गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।

UP Weather: उत्तर प्रदेश में भी ठंड का गजब आलम देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड ने लोगों को अपने घरों में सिमटने को मजबूर कर दिया है। उत्तर प्रदेश में तो ठंड का सितम इस कदर बढ़ गया है कि लोग घरों से निकलने से कतरा रहे हैं। लखनऊ में कई दिनों बाद गुरुवार को धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। ग्रामीण इलाकों की बात करें तो वहां हालात और भी खराब हैं। कड़ाके की ठंड और गलन से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जानकारी के अनुसार 6 जनवरी को यूपी के सहारनपुर, बिजनौर, रामपुर समेत आस पास के कुछ जिलों में बारिश की संभावना है. इस दौरान शीतलहर का कहर भी दिखेगा।।

यूपी का मौसम कैसा है?

उत्तर प्रदेश में पिछले 4 से 5 दिनों से कोहरे की धुंध छाई और सूरज बादलों के पीछे छिपा हुआ है। हालांकि, 1 जनवरी को थोड़ी देर के लिए दिखाई पड़ा, लेकिन, सर्द हवाओं के चलते धूप का कोई असर नहीं दिखा। मौसम विभाग ने प्रदेश में गुरुवार को तापमान में सुधार के संकेत दिए गए हैं। सुबह के समय यहां तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस होने के आसार जताए गए हैं। इससे जहां दिन में सर्दी से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी, तो वहीं रात के समय सर्दी बढ़ेगी। श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी सहित अन्य जिलों में तीन जनवरी के लिए मौसम विभाग की तरफ से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उधर, उत्तर प्रदेश के छोटे शहरों और कस्बों में भी सर्दी ने लोगों को परेशान कर दिया है। फिरोजाबाद और जौनपुर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड से लोग परेशान हैं। सुबह खेत खलिहानों में विजिबिलिटी बेहद खराब रही और दूर तक कोहरे की घनी चादर दिखी। तीन जनवरी से उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। आईएमडी का कहना है कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों शीतलहर-कोहरे का कहर जारी है। अगले 24 घंटे में बर्फीली हवाओं के असर से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।

Back to top button