
अवैध संबंध के चलते हैवान बना पति…दराँती से हमला कर ली पत्नी की जान
Agra Husband Killed Wife: आगरा के इरादतनगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की दरांती से प्रहार कर हत्या कर दी। पति पर अवैध संबंध का आरोप पत्नी लगा रही थी।
Agra Husband Killed Wife: उत्तर प्रदेश के आगरा से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ताज़नगरी आगरा में पति के अवैध संबंधों का विरोध करना पत्नि को भारी पड़ गया। इसी नाराज़गी में मायके रह रही पत्नि को पति मनाकर घर लाया और आने के बाद उस पर दराँती से हमला करके मार डाला। 32 साल की पुष्पा की शादी 14 वर्ष पूर्व केशव कुशवाहा से हुई थी। 3 बच्चे हैं जिनकी आयु 8,7 व 6 वर्ष हैं। जिनका रो रोकर बुरा हाल हैं। हत्यारोपी फरार हैं।
अवैध संबंध का शक
मृतका के मायके वालों ने हत्या का कारण पति के अवैध संबंधों का विरोध करना बताया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एसीपी वीरेंद्र कुमार दुबे ने कहा कि थाना इरादतनगर क्षेत्र के गांव करौंधना में सोमवार देर शाम 32 वर्षीय राधा उर्फ पुष्पा के घर में उसकी हत्या कर दी गई। राधा के पति केशव पर दरांती से हमला कर हत्या करने का आरोप है। ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय तक हत्या का आरोपी पति फरार हो चुका था। उसके घर में उसकी मां और भाई भी नहीं मिले।
केशव और पुष्पा के तीन बच्चे हैं। उनके नाम मोनू, मोनिका और दीपू हैं। तीनों अब पुष्पा के मायके वालों के पास हैं। पुष्पा के पिता राजेंद्र सिंह बेटी की हत्या मामले में केशव को कोसते दिखे। उन्होंने कहा कि पुष्पा का अंतिम संस्कार तब तक नहीं करने देंगे, जब तक केशव के घर वाले तीनों बच्चों के नाम उसके हिस्से की संपत्ति नहीं करेंगे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। महिला के परिजनों की ओर से तहरीर अभी तक नहीं मिलने की बात सामने आई है।