बदायूं में शादी की खुशियां गम में बदलीं, दो ट्रैक्टरों की भिड़ंत में 3 की मौत; कई घायल

Budaun Accident: बदायूं में गुरुवार रात दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बालक सहित तीन लोगों की दुखद मृत्यु हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए।

Budaun Accident: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गुरुवार की काली रात खुशियों के एक सफर को मातम में बदल गई। उघैती थाना क्षेत्र में दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बीच हुई भीषण भिड़ंत ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए, जबकि इस हादसे में करीब 19 लोग घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण सहम गए और तुरंत राहत कार्य में जुट गए। घायलों को बिसौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना शरह बरौलिया गांव के पास हुई।

खुशियों के सफर में पसरा मातम

यह दर्दनाक हादसा सिद्ध बरोलिया गांव के पास उस वक्त हुआ, जब एक परिवार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर ‘भात’ की रस्म निभाने जा रहा था। खुशियों के साथ जा रहे इन लोगों को अंदाजा भी नहीं था कि सामने से आ रही मौत उन्हें घेर लेगी। तभी सहसवान की ओर से आ रहे एक अन्य तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भयावह थी कि ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार महिलाएं व बच्चे नीचे दब गए।

रेस्क्यू और घायलों की स्थिति

हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने अदम्य साहस दिखाते हुए ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। बदायूं के SSP डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 18 से 20 घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। जिन मरीजों की हालत नाजुक थी, उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

ये भी पढ़े- तेज रफ्तार बोलेरो ने बैंड कर्मियों को मारी टक्कर… एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

तेज रफ्तार बनी काल

ऐसा माना जा रहा है कि सहसवान की ओर से आ रहा ट्रैक्टर काफी तेज रफ्तार में था, जिसकी वजह से चालक नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। SSP ने बताया कि फिलहाल घायलों के बेहतर इलाज पर ध्यान दिया जा रहा है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ये भी पढ़े- UP News: दामाद संग भागने वाली सास अब जीजा संग फरार, कैश-गोल्‍ड लेकर रफूचक्कर

Back to top button