
UP News: बाइक को बस ने मारी टक्कर, बोर्ड परीक्षा देने जा रहे दो छात्रों की मौत
UP News: बहराइच में शुक्रवार की सुबह 10वीं की परीक्षा देने जा रहे छात्रों की बाइक को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई। जबकि, तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
UP News: यूपी के बहराइच में यूपी बोर्ड हाई स्कूल की परीक्षा देने जा रहे दो छात्रों की रोडवेज बस से टक्कर में मौत हो गई। तीसरा छात्र गम्भीर रूप से घायल हो गया है। मृतक दोनों छात्र ममेरे भाई हैं। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने रोडवेज बस चालक को बस समेत कब्जे में लिया है। छात्रों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कैसे हुआ हादसा
हादसा रामगांव थाना क्षेत्र में बहराइच-नानपारा मार्ग स्थित झिंगहा घाट के पास हुआ। क्षेत्र के ही राजापुर माफी गांव निवासी आशाराम का बेटा मस्तराम (17) अपने मामा के लड़के रोहित व जयहिंद के साथ सुबह 7 बजे परीक्षा देने जाने के लिए निकला था। उसका सेंटर नगर के सिटी मांटेसरी स्कूल में था। झिंगहा घाट के पास हनुमान मंदिर के सामने तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद तीनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद आरोपी चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
हाईवे पुलिस चौकी से प्रभारी अयोध्या सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। घायल छात्र को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। मृतक छात्र रिश्ते मे ममेरे भाई है। तीनों छात्र शहर के सिटी मांटेसरी कालेज स्थित परीक्षा केन्द्र परीक्षा देने जा रहे थे। हादसे की सूचना पर एएसपी सिटी अशोक कुमार सिंह फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे गए। मृतक छात्रों के रोते बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए है।





