
UP Weather: लखनऊ में कुदरत का ‘ट्रिपल अटैक’, तूफानी हवाओं संग बारिश का तांडव
UP Weather: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश होने से दृश्यता में कमी आ सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
UP Weather: लखनऊ में सुबह नौ से दस बजे के बीच अचानक घने बादलों ने सूर्य देव को ढंक लिया, जिससे सड़कों पर अंधेरा छा गया और वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। इसके तुरंत बाद शुरू हुई तेज आंधी और बारिश ने पूरे शहर को सराबोर कर दिया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों के लिए ‘यलो अलर्ट‘ जारी किया है। सूरज बादलों की काली, घनी परतों के पीछे कहीं छिप गया और पूरा शहर अंधेरे के आगोश में समा गया।
आंधी और बारिश से हाल बेहाल
मंगलवार सुबह लखनऊवासियों की नींद खुली तो खिड़की के बाहर का नजारा डरावना था। घड़ी की सुइयां सुबह का समय बता रही थीं, लेकिन बाहर घना अंधेरा छाया हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार, काले घने बादलों (Cumulonimbus clouds) ने सूर्य की रोशनी को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया था।
लखनऊ के हजरतगंज, गोमती नगर और अमौसी क्षेत्र में अचानक काले बादल छाने से दृश्यता (Visibility) काफी कम हो गई। देखते ही देखते धूल भरी आंधी चली और फिर मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। तेज आंधी के कारण टीन शेड उड़ गए और सड़क किनारे लगे फ्लैक्स फट गए। 1090 चौराहे पर सड़क के किनारे लगे हरे रंग की शीट उड़कर सड़क पर बिखर गई।
मौसम का मिजाज:
- आंधी-पानी की संभावना: मौसम विभाग के अनुसार, कानपुर में गरज के साथ आंधी-पानी और बारिश की संभावना काफी अधिक है।
- दिन में अंधेरा: आसमान में घने बादल छाए रहने से दिन के समय भी अंधेरे जैसी स्थिति बन गई है, जो तूफानी मौसम का संकेत है।
- तापमान में गिरावट: इस खराब मौसम की वजह से तापमान में कमी आ सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है।
सावधानी की सलाह:
- सुरक्षित स्थान पर रहें: आंधी के दौरान बाहर निकलने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
- वाहनों की गति: खराब दृश्यता के कारण ड्राइविंग में सावधानी बरतें।
- सुरक्षा: पेड़-पौधों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने फतेहपुर, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, लखीपुर खीरी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए आकाशीय बिजली गिरने, तेज बादल गरजने, 30 से 50 की रफ्तार से आंधी चलने के साथ ही बारिश की अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशाम्बी, हमीरपुर, जालौन, झांसी, इटावा, मैनपुरी, अयोध्या, औरैया, फर्रुखाबाद और आसपास के जिलों में हल्की बारिश के साथ 30 से 40 की रफ्तार से हवा चल सकती है।
अगले कुछ घंटों में तेज हवाओं और आंधी के साथ बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम की जानकारी से अपडेट रहें और आवश्यक सावधानी बरतें।





