लखनऊ में पासपोर्ट ऑफिस और सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी

UP News: लखनऊ के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर रहीं। दोनों जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

UP News: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित पासपोर्ट ऑफिस और सुल्तानपुर जिले प्रधान डाकघर स्थित पासपोर्ट केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया. फ़ौरन ही दोनों जगह पुलिस बम स्क्वाड के साथ पहुंची. गहन जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. अब पुलिस ई-मेल भेजने वाले को ट्रेस करने में जुटी है। धमकी भरे ईमेल मिलते ही दोनों जगहों पर अफरा-तफरी मच गई. गोमती नगर पासपोर्ट ऑफिस में बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड की टीम ने तुरंत पहुंचकर पूरी इमारत की चेकिंग की।

लखनऊ में ‘सायनाइड बम’ और टाइमर की धमकी

लखनऊ के गोमतीनगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) के अधिकारी की आधिकारिक मेल आईडी पर एक खौफनाक संदेश प्राप्त हुआ। ईमेल में दावा किया गया कि परिसर में गैस से भरे सायनाइड बम (Cyanide Bombs) रखे गए हैं। धमकी देने वाले ने चुनौती देते हुए लिखा कि टाइमर के अनुसार दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर विस्फोट होगा और पूरा ऑफिस उड़ जाएगा।

सूचना मिलते ही बीडीएस (BDS) टीम, डॉग स्क्वायड और गोमतीनगर पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पूरे दफ्तर को खाली कराकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। हालांकि, सघन चेकिंग के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।

सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर में भी हड़कंप

इसी बीच सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर में भी हड़कंप की स्थिति बन गई. अज्ञात ईमेल मिलने के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही सिटी सीओ और नगर कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची. पूरे इलाके को तुरंत सील कर दिया गया और डॉग स्क्वॉड की मदद से चप्पे-चप्पे की सघन छानबीन शुरू कर दी गई.

सुरक्षा के मद्देनजर डाकघर के अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों और आम नागरिकों को तत्काल बाहर निकाल लिया गया. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस प्रशासन दोनों धमकियों वाले ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गया है. साइबर सेल की टीम ईमेल आईडी, आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि धमकी देने वाले शरारती तत्वों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके.

Back to top button