UP News: खामेनेई की मौत के बाद UP में हाई अलर्ट, पुराने लखनऊ में लहराए काले झंडे

Iranian Supreme Leader Khamenei Death: अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद लखनऊ सहित कई शहरों में प्रदर्शनों के मद्देनजर सभी जिलों को अलर्ट पर रखा गया है. पुलिस अधिकारियों को गश्त बढ़ाने, सोशल मीडिया पर नजर रखने और ड्रोन से निगरानी के निर्देश दिए हैं.

Iranian Supreme Leader Khamenei Death: इस्राइल के हमले में ईरान के सर्वोच्च लीडर खामेनेई की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट लागू कर दिया गया है। ईरान और खाड़ी देशों पर हमले और युद्ध के हालात के मद्देनजर सभी जिलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  सुबह मीटिंग में विशेष एहतियात बरतने को कहा है। इसके बाद सभी जिलों को दोबारा आगाह किया गया है। लखनऊ समेत कई जिलों में हो रहे प्रदर्शन पर भी पुलिस के पैनी नजर है।

लखनऊ इमामबाड़े पर किया प्रदर्शन

लखनऊ के घंटाघर पर अली खामेनेई की मौत के बाद पुरुषों ने भी जोरदार विरोध जताया है. इस बीच उन्होंने दुख जाहिर करते हुए अमेरिका और इजराइल पर जमकर नारेबाजी की है. वहीं भारी संख्या में लोग बड़े इमामबाड़े पर मौजूद होकर प्रदर्शन कर रहे हैं.  प्रदर्शनकारियों की तरफ से अमेरिका और इजराइल मुर्दाबाद के भी नारे लग रहे हैं. इस प्रदर्शन में पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी भारी तादाद में शामिल हैं. सभी अली खामेनेई की मौत पर अपना दुख जाहिर कर रहे हैं.

ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड की तरफ से तीन दिवसीय शोक की घोषणा कर दी गई है। बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने कहा- लोग अपने घरों पर काले झंडे लगाएंगे और काले कपड़े पहनेंगे। अयातुल्ला खामेनेई के नाम पर रोजाना मजलिस (शोकसभा) का आयोजन किया जाएगा।

लखनऊ से आज सऊदी अरब जाने वाली सभी फ्लाइटें रद्द कर दी गई हैं। दुबई और रियाद की 2-2 फ्लाइटें, जबकि मस्कट, अबू धाबी, दम्माम और शारजाह की 1-1 फ्लाइट कैंसिल की गई है। वहीं, वाराणसी एयरपोर्ट से दुबई जाने वाली 2 फ्लाइटें भी 4 मार्च तक के लिए रद्द कर दी गई हैं।

अफवाह फैलाने वालों पर सख्त होगी कार्रवाई

पुलिस को सोशल मीडिया पर खास निगरानी रखने, मिश्रित आबादी वाले इलाकों में गश्त तेज करने और ड्रोन कैमरों से भीड़ पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं. किसी भी तरह के हिंसक प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं का तुरंत खंडन करें. एलआईयू के साथ थाना, सर्किल और जिला स्तर की पुलिस टीमों को सादे कपड़ों में सक्रिय रहने को कहा गया है.

डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि उन जिलों में सतर्कता बढ़ाई गई है, जहां शिया समुदाय की आबादी अधिक है। इनमें लखनऊ, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ शामिल हैं। पुलिस को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Back to top button