
UP News: लखनऊ में युवती से रेप का प्रयास, विरोध करने पर जानलेवा हमला
Lucknow News: लखनऊ में युवती से दुष्कर्म के प्रयास और विरोध करने पर उसके परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।
Lucknow News: यूपी की राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह वह घर के सामने बने बाथरूम की ओर शौच के लिए गई थी। आरोप है कि गांव के विसनू पुत्र रामशंकर ने उसे तमंचा दिखाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती के विरोध करने और शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य बाहर आ गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्थर और कुल्हाड़ी से किया हमला
परिजनों को देखकर आरोपी विसनू भागने के बजाय अपने परिवार के अन्य सदस्यों को बुला लिया। आरोप है कि अनीस, मनीस, बच्चू लाल, सौरभ, रामचन्द्र, आयुष सहित कुछ अज्ञात लोगों ने युवती और उसके परिजनों पर कुल्हाड़ी, डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।
इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता के पिता और चाचा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हमलावर उन्हें घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पहले भी कई बार किया है ऐसी हरकतें
पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी विसनू पहले भी कई बार ऐसी हरकतें कर चुका है। लोकलाज के कारण वह पहले जानकारी नहीं दे पाती थी। इस संबंध में पूर्व में भी थाने में प्रार्थना पत्र दिए गए थे, लेकिन आरोपियों के परिवार द्वारा लगातार धमकी देकर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जाता रहा।
पुलिस के अनुसार, युवती की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





