
UP Vidhan Sabha: हंगामा कर रहे सपा विधायकों पर भड़कीं राज्यपाल, बोलीं- गला बैठ जाएगा
UP Vidhan Sabha: यूपी विधानसभा सत्र आज से शुरू हो गया है। विधान मंडल का बजट सत्र राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के अभिभाषण के साथ शुरू हो हुआ तो सपा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
UP Vidhan Sabha: उत्तर प्रदेश विधानमंडल बजट सत्र 2026-27 का आगाज सोमवार को हो गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोमवार को सुबह 11 बजे विधानसभा पहुंचीं। विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल का स्वागत किया। इसके बाद सदन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पहले दिन राजयपाल आनंदी पटेल के अभिभाषण के दौरान सपा और कांग्रेस सदस्यों ने विधानसभा में जमकर हंगामा किया। सपा विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में आ गए। महंगाई, बेरोजगारी, SIR, UGC समेत अन्य मुद्दों पर नारेबाजी करने लगे।
सपा विधायकों पर भड़कीं राज्यपाल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संयुक्त सदन को संबोधित करते हुए अपना अभिभाषण दिया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। हालांकि अभिभाषण के दौरान विपक्षी दलों ने लगातार हंगामा किया। शोर-शराबे और नारेबाजी के बीच भी राज्यपाल ने अपना अभिभाषण पढ़ना जारी रखा।
सदन में ‘राज्यपाल गो बैक’ के नारे लगाए गए। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के सदस्यों ने एकजुट होकर नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। राज्यपाल इस पर नाराज हो गईं। उन्होंने कहा- ‘आप लोगों के समय में यह जीरो था जीरो। पांच-सात सालों से आप लोग बस हंगामा ही कर रहे हैं। आगे भी आपका जीरो ही रहने वाला है।
‘पक्ष के हंगामे के चलते सदन का माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बना रहा, लेकिन कार्यवाही नियमानुसार आगे बढ़ती रही। विधानसभा अध्य़क्ष सतीश महाना ने सभी सदस्यों से कार्यवाही के सुचारू संचालन का अनुरोध किया है। नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सदस्यों से जनता के मुद्दों को सदन में रखने और सार्थक चर्चा करके प्रदेश के विकास को गति प्रदान करने के लिए सरकार का सहयोग करने का आग्रह किया है।
इन मुद्दों पर किया प्रदर्शन
सपा विधायकों ने यूपी विधानसभा में वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर तोड़फोड़, SIR, किसानों की बदहाली, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, महंगाई जैसे तमाम मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया।
बता दें कि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना 11 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण (धन्यवाद प्रस्ताव) पर चर्चा होगी। 13 फरवरी तक सदन की कार्यवाही नियमित तौर पर चलेगी। शनिवार व रविवार को सदन की बैठक स्थगित रहेगी। सोमवार 16 फरवरी से सदन की कार्यवाही फिर शुरू होगी। सदन की कार्यवाही 20 फरवरी तक प्रस्तावित है।





