तीन सौ लड़कियां और उनके आपत्तिजनक वीडियो…, विदेशों तक बस्ती के लव जेहाद का नेटवर्क!

Basti Crime News: बस्ती जिले में लव जिहाद से जुड़े एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है. आरोप है कि अजफरुल हक उर्फ प्रिंस और उसके गिरोह ने 300 से अधिक लड़कियों को प्रेम और शादी के झांसे में फंसाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाए.

Basti Crime News: उत्तर प्रदेश के बस्ती के अजफरुल हक उर्फ प्रिंस इस समय पुलिस गिरफ्त में हैं. मगर इसके मामले ने जांच एजेंसियों तक को चौका कर रख दिया है. इसके खिलाफ जो आरोप लगे हैं, अगर वह सही पाए जाते हैं तो इसका मामला उत्तर प्रदेश में अभी तक के सबसे बड़े लव जिहाद और सेक्स ट्रैफिकिंग रैकेट का मामला बन सकता है. फिलहाल पुलिस जांच में सामने आया है कि इसके गैंग की शिकार लड़कियों को नेपाल  समेत देश के अन्य राज्यों में भेजा गया था.

आपत्तिजनक वीडियो बने हथियार

बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता बस्ती शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में काम करती थी. जनवरी 2022 में उसकी मुलाकात अजफरुल हक उर्फ प्रिंस से हुई. खुद को हिंदू बताने वाले इस युवक ने पहले हमदर्दी दिखाई, फिर बेहतर नौकरी दिलाने का झांसा दिया. बातों-बातों में मोबाइल नंबर लिया गया और इसके बाद शुरू हुआ भावनात्मक जाल.

पीड़िता के मुताबिक युवक न सिर्फ खुद को हिंदू बताता था, बल्कि भरोसा दिलाने के लिए हाथ में कलावा भी पहनता था, ताकि किसी तरह का शक न हो. धीरे-धीरे बातचीत प्यार में बदली और फिर एक दिन युवक ने भरोसा जीतकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद शादी का झांसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया जाता रहा.

करीब 300 लड़कियों को प्रेम जाल में

जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसका गिरोह लड़कियों के निजी पलों के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बना लेता था. बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए पीड़िताओं को ब्लैकमेल किया जाता. वीडियो वायरल करने, परिवार को बदनाम करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियों से लड़कियों को तोड़ दिया जाता था. पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया है कि आरोपी और उसका भाई इसी तरीके से करीब 300 लड़कियों को प्रेम जाल में फंसा चुके हैं. इन सभी के वीडियो बनाकर उन्हें अलग-अलग राज्यों और नेपाल जैसे देशों तक देह व्यापार के लिए भेजा गया.

हिस्ट्रीशीटर निकला मुख्य आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि अजफरुल हक उर्फ प्रिंस पहले से ही थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है. उस पर पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी के काले कारनामों में उसके घरवाले भी पूरी तरह शामिल थे और उन्होंने भी उसे देह व्यापार के दलदल में धकेलने की कोशिश की. पीड़िता का कहना है कि यह कोई अकेली घटना नहीं, बल्कि संगठित अपराध है, जिसमें कई लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क बस्ती तक सीमित नहीं है.

अभी तक क्या पता चला?

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को जांच में संकेत मिले हैं कि लड़कियों को नेपाल भेजा गया था. लड़कियों को देश के कई राज्यों में भी भेजा गया था. अब पुलिस इस गैंग के नेटवर्क को खंगाल रही है. माना जा रहा है कि जैसे-जैसे पुलिस इस मामले की तह तक जाएंगी, वैसे-वैसे इस मामले में कई बड़े खुलासे देखने को मिल सकते हैं।

Back to top button