रमजान में मस्जिद सील करने का आरोप, लखनऊ विश्वविद्यालय में जमकर हुआ हंगामा

Lucknow University Student Protest: लखनऊ यूनिवर्सिटी में रमजान के महीने में कैंपस के अंदर लाल बारादरी मस्जिद बंद करने के बाद विवाद शुरू हो गया है. मुस्लिम स्टूडेंट्स ने प्रोटेस्ट किया।

Lucknow University Student Protest: लखनऊ यूनिवर्सिटी प्रशासन ने ऐतिहासिक लाल बारादरी इमारत और उसमें स्थित मस्जिद के गेट को सुरक्षा कारणों से सील कर बैरिकेडिंग लगा दी. छात्र नेताओं और मुस्लिम छात्रों ने इस कार्रवाई के खिलाफ परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया. यूनिवर्सिटी ने एएसआई संरक्षित इस जर्जर इमारत से होने वाले संभावित खतरे को रोकने के लिए यह कदम उठाया. इसके जवाब में छात्रों ने बैरिकेडिंग गिरा दी और मस्जिद के बाहर ही नमाज पढ़ी. इस दौरान सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए हिंदू छात्रों ने नमाजियों के पीछे ढाल बनकर सुरक्षा घेरा बनाया

यूनिवर्सिटी के फैसले पर भड़के छात्र

लखनऊ यूनिवर्सिटी के इस फैसले के बाद छात्र भड़क गए और लाल बारादरी के सामने जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इसी दौरान  गुस्साए स्टूडेंट्स ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और पास की बारादरी से कंस्ट्रक्शन का सामान फेंक दिया. उनका आरोप है कि यूनिवर्सिटी एडमिनिस्ट्रेशन मस्जिद को सील करने की तैयारी कर रहा है. स्टूडेंट्स ने कहा कि जब तक गेट नहीं खोला जाता, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.

फोर्स को किया गया है तैनात

विरोध को देखते हुए यूनिवर्सिटी कैंपस में कई थानों से पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई. हालात को कंट्रोल करने के लिए पुलिस मौके पर मौजूद रही. पुलिस के दखल के बाद स्टूडेंट्स शांत हुए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूनिवर्सिटी एडमिनिस्ट्रेशन बारादरी पर फेंसिंग कर रहा है, इस कदम से पहले विरोध प्रदर्शन होने की उम्मीद थी. रजिस्ट्रार ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त बलों के लिए पुलिस से पहले ही अनुरोध कर दिया था.

दरअसल, लाल बारादरी मस्जिद करीब 200 साल पुरानी ऐतिहासिक इमारत है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे 1800 में नसीरुद्दीन हैदर ने बनवाया था. यह स्ट्रक्चर लखनऊ यूनिवर्सिटी की स्थापना से भी पहले का है और ASI ने इसे एक सुरक्षित स्मारक के तौर पर रजिस्टर किया है. स्टूडेंट्स का आरोप है कि एडमिनिस्ट्रेशन ने बिना किसी पहले से सूचना के इस 150 साल से ज़्यादा पुरानी इमारत के अंदर बनी मस्जिद को बंद कर दिया.

Back to top button