Lucknow Bus Accident: लखनऊ बस हादसे में कैसे हुई 5 लोगों की मौत, पता चल गई वजह

Lucknow Bus Accident: लखनऊ-हरदोई मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में एक बस खाई में गिर गई। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है और कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

Lucknow Bus Accident: यूपी की राजधानी लखनऊ में गुरुवार शाम 7 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। हरदोई से लखनऊ आ रही रोडवेज बस काकोरी में पानी के टैंकर से टकरा गई। टक्कर होते ही बस करीब 45 फीट गहरी खाई में पलटती चली गई। इस हादसे में बस की चपेट में 3 बाइक सवार भी आ गए। हादसे में कुल 5 लोगों की मौत हो गई थी। अब इस हादसे की वजह सामने आई है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार बस की गति बहुत तेज थी और उसने एक पानी के टैंकर को टक्कर मार दी।

कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा

बस ड्राइवर अनिल कुमार ने अधिकारियों को बताया, काकोरी पहुंचने से पहले बेहता पुल से पहले मोड़ है और दूसरी ओर सड़क निर्माण का टैंकर था, दूर से उसका अंदाजा नहीं लगा। बस जब करीब पहुंची तो टैंकर दिखा, इसी बीच एक बाइक रांग साइड आ गई, दोनों को बचाने में बस को बायीं ओर मोड़ा लेकिन, टैंकर व ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। बस जब तेजी से बायीं ओर जाने लगी तो सीधा करने का प्रयास किया लेकिन, स्टेयरिंग काम नहीं कर रही थी। इसलिए बस नीचे चली गई। ड्राइवर का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। वहीं, कंडक्टर मोहम्मद रेहान को मामूली चोटें आई हैँ। क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया, बस इसी साल बेड़े में शामिल हुई थी, स्टेयरिंग क्षतिग्रस्त होने की शिकायत मिली है।

सीएम ने लिया हादसे का संज्ञान

पुलिस ने पांच मौत की पुष्टि की है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे का संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी ने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिया है कि घायलों को समुचित उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाए.सीएम ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. हादसे की वजह रोडवेज बस की तेज रफ्तार बताई जा रही है. पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां डॉक्टर्स की टीम उपचार में जुटी है.

परिवहन निगम की नई बस में स्टेयरिंग टूटने से भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैँ। बस में ड्राइवर की तरफ ही टक्कर हुई इसलिए सबसे अधिक नुकसान इसी जगह पर दिखा।

 

 

 

Back to top button