UP News: घोसी विधायक सुधाकर सिंह का लखनऊ में निधन, सपा को लगा बड़ा झटका

Ghosi MLA Sudhakar Singh Passed away: यूपी की घोसी सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का निधन हो गया है। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Ghosi MLA Sudhakar Singh Passed away: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। राज्य के घोसी सीट से पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का निधन हो गया है। जहां गुरुवार की भोर में उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया है। सुधाकर सिंह घोसी के प्रतिष्ठित उपचुनाव में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान को हराकर विधायक बने थे। सुधाकर सिंह के निधन की खबर मिलते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव समेत तमाम नेता मेंदाता अस्पताल पहुंचे।

मेदांता अस्पताल में थे भर्ती

जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर को दिल्ली में मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी के रिसेप्शन से लौटने के बाद उनकी तबीयत खराब हुई थी. इसके बाद सपा विधायक को इलाज के लिए मंगलवार को लखनऊ ले जाया गया था और उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया. 67 साल की उम्र में उन्होंने गुरुवार सुबह अपनी अंतिम सांस ली.

समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता थे

सुधाकर सिंह समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता थे। वह 1996 से राजनीति में बतौर विधायक सक्रिय थे। कानून की डिग्री रखने वाले सुधाकर सिंह ने सबसे पहले साल 1996 में नत्थूपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीता था। साल 2012 में यही सीट घोसी कही जाने लगी। इस बार भी सुधाकर विजयी रहे और विधानसभा पहुंचे लेकिन साल 2017 की मोदी लहर में वह चुनाव हार गए। इस सीट से बीजेपी के फागू चौहान को जीत मिली। बाद में फागू चौहान राज्यपाल बना दिए गए तो फिर सीट खाली हो गई।

 

Back to top button