
विराट कोहली ने रणजी मैच को कहा ना…BCCI ले सकती है बड़ा फैसला?
Ranji trophy: भारतीय टीम के खिलाड़ियों के लिए BCCI ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में खेलना अनिवार्य किया था. इसके बाद से रोहित शर्मा और विराट कोहली सहित कई खिलाड़ी रणजी के लिए अपनी-अपनी टीम को उपलब्धता की जानकारी दी थी. लेकिन अब रिपोर्ट सामने आई है कि कोहली मैच में नहीं खेलेंगे…
बीसीसीआई ने हाल ही में भारतीय टीम के खिलाड़ियों के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलना जरूरी कर दिया था. लेकिन अब रिपोर्ट सामने आई है कि कोहली 23 जनवरी से होने वाले रणजी के अगले राउंड में नहीं खेलेंगे. उनके अलावा केएल राहुल ने भी बीसीसीआई को बताया है कि वो इस राउंड के मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे. दोनों खिलाड़ियों ने नहीं खेलने के लिए बोर्ड को इंजरी का हवाला दिया है.
विराट कोहली और राहुल को इंजरी?
ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, विराट कोहली की गर्दन में दर्द है. वो बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दौरान से ही इस इंजरी का सामना कर रहे हैं और सीरीज खत्म होने के बाद 8 जनवरी को इसके लिए इंजेक्शन भी लिया था. लेकिन अभी तक वो इससे उबर नहीं पाए हैं. यही कारण है कि सौराष्ट्र के खिलाफ वो 23 जनवरी को अगला रणजी मैच नहीं खेल पाएंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भले ही वो नहीं खेलेंगे लेकिन टीम के साथ नजर आ सकते हैं.
उन्हें दिल्ली की स्क्वॉड में रखा गया है और वो प्रैक्टिस करते हुए भी दिखे थे. दूसरी ओर केएल राहुल की बात करें तो उन्हें कोहनी में चोट है. इस वजह से वो पंजाब के खिलाफ होने वाले मुकाबले में 23 जनवरी को अपनी घरेलू टीम कर्नाटक की ओर से हिस्सा नहीं ले पाएंगे. बीसीसीआई की ओर से जारी 10 दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट को प्राथमिकता देना होगा. अगर ऐसा नहीं होता है तो उनपर कार्रवाई हो सकती है.
रोहित-यशस्वी को लेकर सस्पेंस बरकरार
इसके साथ मुंबई के लिए यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा पर सस्पेंस बना हुआ है। वहीं शुभमन गिल पंजाब के लिए, ऋषभ पंत दिल्ली के लिए और रवींद्र जडेजा सौराष्ट्र के लिए टूर्नामेंट के अगले राउंड में खेलने के लिए तैयार हैं।
ये खिलाड़ी खेलेंगे मैच
हालांकि, कोहली और राहुल अगले राउंड में नहीं खेलेंगे लेकिन उनके पास एक और मौका होगा. दरअसल, रणजी ट्रॉफी में ग्रुप स्टेज का फाइनल राउंड 30 जनवरी से 2 जनवरी तक खेला जाना है. वहीं 6 जनवरी से इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत होगी. दोनों ही खिलाड़ी इसमें नजर आ सकते हैं. लेकिन दोनों मैच के बीच 3 दिन का गैप है. इसलिए वो चाहें तो फाइनल राउंड में हिस्सा ले सकते हैं. वहीं दूसरी ओर 23 जनवरी के मुकाबले में पंजाब के लिए शुभमन गिल, दिल्ली के लिए ऋषभ पंत और मुंबई के लिए यशस्वी जायसवाल का खेलना तय है.
शनिवार को होगा टीम का ऐलान
बीसीसीआई शनिवार 18 जनवरी को भारत की चैंपियंस ट्रॉफी टीम की घोषणा करने वाला है, जिसमें चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और कप्तान रोहित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। कुछ खिलाड़ियों पर सस्पेंस बना हुआ है।





