
सिसवारा घाट पर बना पुल तो राप्ती नदी ने मोड़ दी अपनी धारा… अब भी नाव का सहारा
UP News: श्रावस्ती के राप्ती नदी के सिसवारा घाट पर पुल निर्माण का काम लगभग पूरा होने को था, लेकिन अब नदी ने अपनी धारा मोड़ ली है, जिससे पुल का उपयोग शुरू होने से पहले ही एक और समस्या खड़ी हो गई है। अब नदी पुल से करीब 200 मीटर दूर जा चुकी है। इससे नदी पार करने के लिए लोगों को फिर से नाव का ही सहारा लेना पड़ रहा है।
वहीं करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्रवासियों के लिए बेमानी साबित हो रहा है। बरसात तक पुल के सहारे नदी पार करने वालों को अब नाव का सहारा लेना पड़ता है। इसके लिए उन्हें पुल से करीब एक किलोमीटर दूर जाकर नाव पर बैठना पड़ता है।
विधायक के प्रस्ताव पर 275 मीटर पुल निर्माण की स्वीकृति
गिलौला विकास क्षेत्र को मुख्यालय भिनगा से सीधा जोड़ने में राप्ती नदी बाधक बनी हुई है। बरसात के दिनों में नदी पार बसे करीब 50 गांव के लोग जिला व ब्लाॅक मुख्यालय आने जाने के लिए 25 से 50 किलोमीटर चक्कर लगाने को विवश रहते हैं। इतना ही नहीं नदी के तट पर बसे कई गांव में लोगों के खेत नदी पार पड़ते हैं। इससे उन्हें हर मौसम में खेती किसानी के काम के लिए नाव का ही सहारा रहता है। इस समस्या से निजात के लिए श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय के प्रस्ताव पर शासन ने 275 मीटर पुल निर्माण की स्वीकृति प्रदान करते हुए 51 करोड़ रुपये का बजट जारी किया था।
पुल के सभी दस पिलर का हो चुका निर्माण
पुल निर्माण कार्य के लिए सेतु निगम द्वारा कार्यदायी संस्था नामित की थी। इस पैसे से 37 करोड़ 75 लाख की लागत से पुल निर्माण व 12 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से पुल के एक तरफ 1500 मीटर व दूसरी तरफ 500 मीटर अप्रोच का निर्माण होना था। अब जब पुल के सभी दस पिलर का निर्माण पूरा हो चुकी है, और अंतिम पिलर पर स्लेब पड़ चुकी है व रेलिंग का निर्माण कराया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों के लिए सफेद हाथी बना पुल
विगत दिनों आई बाढ़ में राप्ती नदी पुल को छोड़कर करीब 200 मीटर दूर चली गई। वहीं पुल के नीचे व दोनों तरफ नदी ने रेत पाट दी है। इससे बरसात तक पुल के सहारे नदी पार करने वालों को अब नाव का सहारा लेना पड़ता है। इसके लिए उन्हें पुल से करीब एक किलोमीटर दूर जाकर नाव पर बैठना पड़ता है। नदी की अपनी धारा मोड़ लेने से जहां क्षेत्रवासियों के लिए पुल सफेद हाथी बन गया है। वहीं करोड़ों खर्च के बाद भी लोगों की दुश्वारी अब भी बरकरार है।
बांध बनाकर मोड़ी जाएगी नदी की धारा
राज्य सेतु निगम के अवर अभियंता भगवान सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि राप्ती नदी के धारा मोड़ लेने के बाद भी पुल निष्प्रयोज्य नहीं होगा। इसके लिए मिट्टी व पत्थर के सहारे बांध का निर्माण कराकर नदी को पुल के नीचे लाया जाएगा। यह कार्य जल्द प्रारंभ होगा। उम्मीद है कि बरसात पूर्व पुल का संचालन प्रारंभ हो जाएगा।
यह भी पढ़ें…
LDA ने लगाया मकान ध्वस्तीकरण का निशान, सदमे से किसान को आया हार्ट अटैक
राहुल-प्रियंका को पुलिस ने संभल जाने से रोका, गाजीपुर बॉर्डर पर 5 किमी लंबा जाम
लखनऊ एयरपोर्ट पर कूरियर में मिला नवजात का शव, स्टाफ में मचा हड़कंप