भारत में कोविड की स्थिति चिंतित करने वाली: WHO प्रमुख टेड्रोस अदनोम घेब्रेयियस

WHO प्रमुख टेड्रोस अदनोम घेब्रेयियस

न्यूयॉर्क। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख टेड्रोस अदनोम घेब्रेयियस ने शुक्रवार को कहा कि भारत की कोविड-19 स्थिति चिंतित कर रही है। उन्होंने कहा कि यहां कई राज्यों में संक्रमण के चिंतित करने वाली संख्या में मामले आ रहे हैं, अस्पतालों में लोग भर्ती हो रहे हैं और मौतें हो रही हैं।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि महामारी का दूसरा साल दुनिया के लिए पहले साल के मुकाबले अधिक घातक होगा। घेब्रेयियस ने कहा कि डब्ल्यूएचओ कोविड-19 के बढ़ते मामलों से निपटने में भारत की मदद कर रहा है और हजारों की संख्या में ऑक्सीजन सांद्रक, अस्थायी व चल अस्पतालों के लिए टेंट, मास्क और अन्य चिकित्सा सामग्री की आपूर्ति कर रहा है।

घेब्रेयियस ने दैनिक मीडिया संवाद में कहा कि भारत की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, कई राज्यों में चिंतित करने के स्तर तक मामले, अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या और मौतों बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी साझेदारों को धन्यवाद देते हैं जो भारत की मदद कर रहे हैं। 

बता दें कि भारत में शुक्रवार को पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के महज 323123 नए केस सामने आए, वहीं इसी दौरान 3879 लोगों की मौत हुई है। इस तरह से देश में कोरोना के मामलों में इस महीने अब तक की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली है।

भारत में फिलहाल कोरोना वायरस के कुल 24,372,243 केस हैं। अब तक 266,229 लोग जान गंवा चुके हैं। हालांकि अच्छी बात ये है कि दो करोड़ से अधिक लोग कोरोना को हरा भी चुके हैं। देश में कुल 20,426,323 लोग रिकवर हो चुके हैं। अभी देश में एक्टिव केसों की संख्या 3,679,691 है।

Back to top button