UP में पत्नी का खौफनाक प्लान… प्रेमी संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट

UP Crime: उत्तर प्रदेश के एटा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

खेत में मिला शव, इलाके में फैली सनसनी
यह घटना जैथरा थाना क्षेत्र के अहरई गांव की है। जानकारी के अनुसार 14 फरवरी 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बंधे रोड पर शराब के ठेके के सामने गेहूं के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

जांच में मृतक की पहचान आवास विकास कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय हेमंत के रूप में हुई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।

अवैध संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी के किसी अन्य युवक से अवैध संबंध थे। पति को इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद होता था। इसी से परेशान होकर महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

यह भी पढ़ें…

UP News: कैब ड्राइवर का प्रेमजाल फिर दुष्कर्म, नवजात को ले भटक रही NEET छात्रा

पहले पिलाई शराब, फिर की हत्या
पुलिस के मुताबिक वारदात वाली रात आरोपियों ने हेमंत को शराब पीने के बहाने घर से बाहर बुलाया। सभी ने साथ बैठकर शराब पी। जब हेमंत नशे में हो गया तो आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेत में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना या अन्य कारणों का लगे।

तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर महिला, उसके प्रेमी और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान को भी बरामद कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें…

‘राजनीतिक हैं ये आरोप…’, सुल्तानपुर कोर्ट में राहुल गांधी ने दर्ज कराया बयान

पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “मामले का खुलासा कर तीनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।”

इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें, अपराध का रास्ता न अपनाएं।

यह भी पढ़ें…

UP News: बाइक को बस ने मारी टक्कर, बोर्ड परीक्षा देने जा रहे दो छात्रों की मौत

Back to top button