ICC Test Rankings: शुभमन गिल को लगा झटका, यशस्वी जायसवाल बने नंबर 1 भारतीय बल्लेबाज

ICC Test Rankings: यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड दौरे में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की ओर से पांच टेस्ट मैच में 400 से ज्यादा रन बनाए थे. अब उन्होंने आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है. वो टॉप 5 में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं.

ICC Test Rankings: इंडिया की ओर से सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड दौरे में फैंस का दिल जीत लिया. उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई और टीम इंडिया की ओर से बहुमूल्य रन बनाए. यशस्वी को इसका शानदार गिफ्ट भी मिला है और उन्होंने आईसीसी मेंस टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है. वहीं भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल जिन्होंने इस सीरीज में 754 रन बनाए थे उन्हें भारी नुकसान हुआ है.

जायसवाल की लंबी छलांग

सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल अब ICC टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में पांचवें पायदान पर पहुंच चुके हैं. वो टीम इंडिया की ओर से इस लिस्ट में टॉप पर हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में पहले स्थान पर जो रूट हैं जबकि दूसरे पायदान पर उन्हीं के टीम के साथी हैरी ब्रूक हैं. लिस्ट में तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के केन विलियमसन हैं.

भारत के ऋषभ पंत आठवें पायदान पर गिर चुके हैं जबकि शुभमन गिल को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 754 रन बनाने के बावजूद बड़ा झटका लगा है. उनकी रैंकिंग में गिरावट आई है और वो 13वें स्थान पर आ चुके हैं. इससे पहले वो 9वें पायदान पर थे.

जायसवाल के आंकड़े

भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 5 मैच में 41.10 के औसत से 411 रन बनाए. उन्होंने इस सीरीज में दो शतक और दो अर्धशतक जड़े. उनका बेस्ट स्कोर 118 रन का रहा. सलामी बल्लेबाज ने अभी तक टीम इंडिया की ओर से 24 टेस्ट मैच में 50.2 के औसत से 2209 रन बनाए हैं और उनका बेस्ट स्कोर 214 रन का है. भारतीय खिलाड़ी ने टेस्ट क्रिकेट में छह शतक, दो दोहरे शतक और 12 अर्धशतक लगाए हैं.

Back to top button