मासिक शिवरात्रि पर जानें काशी विश्वनाथ मंदिर के 16 रहस्यमयी और अद्भुत तथ्य

Masik Shivratri 2026: आज मासिक शिवरात्रि का अत्यंत पावन पर्व है। संपूर्ण देश में भगवान भोलेनाथ की भक्ति की लहर छाई हुई है। हिंदू धर्मग्रंथों और पुराणों में काशी यानी वाराणसी को देवाधिदेव महादेव की सबसे प्रिय नगरी बताया गया है। भगवान शिव की इस दिव्य नगरी में स्थापित काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग अपने आप में अत्यंत अलौकिक और चमत्कारी माना जाता है।

यहां बाबा विश्वनाथ वाम रूप में शक्ति की देवी मां भगवती के साथ विराजमान हैं, जो पूरी दुनिया में अन्य कहीं देखने को नहीं मिलता। मासिक शिवरात्रि के इस शुभ अवसर पर आइए जानते हैं काशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े 16 अनसुने और रहस्यमयी तथ्य।

शिव-शक्ति का अद्भुत संगम और मोक्ष का द्वार

काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग दो विशिष्ट भागों में विभाजित है। इसके दाहिने भाग में शक्ति के रूप में मां भगवती विराजमान हैं, जबकि दूसरी ओर भगवान शिव अपने अत्यंत सुंदर वाम रूप में विराजते हैं। देवी भगवती के दाहिनी ओर स्थित होने के कारण ही काशी को मुक्ति क्षेत्र कहा जाता है। मान्यता है कि काशी में मृत्यु प्राप्त करने वाले जीव को दोबारा गर्भधारण नहीं करना पड़ता, क्योंकि स्वयं भगवान शिव उसे तारक मंत्र देकर मोक्ष प्रदान करते हैं। इसके अलावा मंदिर में श्रृंगार के समय सभी मूर्तियां पश्चिम मुखी होती हैं, जो शिव और शक्ति के एक साथ विराजमान होने के अलौकिक स्वरूप को दर्शाती हैं।

श्री यंत्र से मंडित शिखर और चार दिव्य तंत्र द्वार

विश्वनाथ मंदिर का गर्भगृह तंत्र साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का बहुत बड़ा केंद्र है। गर्भगृह का ऊपरी शिखर गुंबद श्री यंत्र से मंडित है, जो तांत्रिक सिद्धि और तंत्र साधना के लिए सबसे उपयुक्त स्थान माना जाता है। इसके साथ ही मंदिर परिसर में तंत्र की दृष्टि से चार प्रमुख द्वार निर्मित हैं, जिन्हें शांति द्वार, कला द्वार, प्रतिष्ठा द्वार और निवृत्ति द्वार कहा जाता है। पूरी दुनिया में ऐसा कोई अन्य स्थान नहीं है जहां शिव-शक्ति एक साथ विराजते हों और वहां ये चार तंत्र द्वार मौजूद हों।

ईशान कोण में ज्योतिर्लिंग और अघोर रूप का दर्शन

बाबा विश्वनाथ का ज्योतिर्लिंग गर्भगृह के ईशान कोण में स्थित है। ईशान कोण का अर्थ संपूर्ण विद्याओं और कलाओं से परिपूर्ण स्थान होता है। यह तंत्र की 10 महाविद्याओं का अद्भुत दरबार है, जहां स्वयं भगवान शंकर ईशान रूप में विराजमान हैं। मंदिर का मुख्य द्वार दक्षिण दिशा की ओर है, जबकि बाबा विश्वनाथ का मुख अघोर रूप की ओर है। जब श्रद्धालु दक्षिण से उत्तर की ओर मंदिर में प्रवेश करते हैं, तो उन्हें सबसे पहले बाबा के अघोर रूप के दर्शन होते हैं, जिससे उनके जन्म-जन्मांतर के पाप विनष्ट हो जाते हैं।

त्रिशूल पर बसी काशी और प्रलय से सुरक्षा

भौगोलिक और आध्यात्मिक दृष्टि से माना जाता है कि काशी नगरी भगवान शिव के त्रिशूल के तिनकों पर टिकी हुई है। प्राचीन काल में मैदागिन क्षेत्र में मंदाकिनी नदी और गोदौलिया क्षेत्र में गोदावरी नदी बहती थी। इन दोनों के बीच ज्ञानवापी में बाबा स्वयं विराजते हैं। यदि इसका नक्शा देखा जाए तो ज्ञानवापी का स्थान नीचे है और दोनों क्षेत्र ऊंचे हैं, जो एक त्रिशूल का आकार बनाते हैं। इसी पौराणिक मान्यता के कारण माना जाता है कि काशी नगरी में कभी प्रलय नहीं आ सकता।

दिन में गुरु और रात में राजराजेश्वर का स्वरूप

काशी में बाबा विश्वनाथ गुरु और राजा दोनों रूपों में विराजमान रहते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार वे दिनभर एक गुरु के रूप में पूरी काशी नगरी में भ्रमण करते हैं। वहीं रात्रि नौ बजे जब बाबा की भव्य श्रृंगार आरती की जाती है, तब वे राजसी वेश धारण करते हैं। इसी कारण भक्त उन्हें राजराजेश्वर नाम से भी पुकारते हैं।

अन्नपूर्णा और ताड़केश्वर का वचनबद्ध संबंध

काशी नगरी में बाबा विश्वनाथ और मां भगवती एक-दूसरे से प्रतिज्ञाबद्ध हैं। मां भगवती अन्नपूर्णा के रूप में काशी में रहने वाले हर प्राणी के भोजन की व्यवस्था करती हैं और सुनिश्चित करती हैं कि कोई भूखा न सोए। वहीं बाबा विश्वनाथ मृत्यु के पश्चात प्राणी को तारक मंत्र देकर मुक्ति प्रदान करते हैं, जिस कारण उन्हें ताड़केश्वर भी कहा जाता है। शिवरात्रि के अवसर पर बाबा औघड़ रूप में विचरण करते हैं और उनकी बारात में देव, दानव, भूत, प्रेत, पशु और पक्षी सभी शामिल होते हैं।

कुएं का रहस्य और रानी अहिल्याबाई होलकर का योगदान

काशी विश्वनाथ मंदिर का इतिहास बेहद प्राचीन और उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। मुगल आक्रांता औरंगजेब द्वारा प्राचीन मंदिर को क्षति पहुंचाने के दौरान मंदिर के मुख्य शिवलिंग की रक्षा के लिए पुजारियों ने उसे परिसर में स्थित एक पवित्र कुएं में सुरक्षित रख दिया था, जो आज भी ज्ञानवापी के पास मौजूद माना जाता है। वर्तमान मंदिर का पुनर्निर्माण 18वीं शताब्दी में इंदौर की धर्मपरायण महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने करवाया था। मान्यता है कि स्वयं भगवान शिव ने उनके स्वप्न में आकर मंदिर निर्माण का आदेश दिया था।

महाराजा रणजीत सिंह का स्वर्ण दान और चमत्कारी छत्र

रानी अहिल्याबाई द्वारा मंदिर निर्माण कराए जाने के कुछ समय पश्चात पंजाब के महाराजा रणजीत सिंह ने मंदिर के लिए लगभग एक टन सोने का दान दिया था। इसी सोने का उपयोग करके मंदिर के शिखरों पर सोने की परत चढ़ाई गई थी। मंदिर के ऊपर स्थित सोने के छत्र को अत्यंत चमत्कारी माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि जो भी श्रद्धालु निष्कपट भाव से इस स्वर्ण छत्र के दर्शन करके अपनी मनोकामना मांगता है, भगवान शिव उसकी पुकार अवश्य सुनते हैं।

Back to top button