मार्केट में तेजी से गायब हो रहे सस्ते स्मार्टफोन, 4G मोबाइल्स को मिली नई संजीवनी

भारत में स्मार्टफोन बाजार बदलता जा रहा है. देश में 10,000 रुपये से कम कीमत वाले फोन की बिक्री तेजी से घट रही है.दूसरी ओर, कम कीमत वाले 4G फोन की मांग फिर बढ़ रही है.

Tech News: भारतीय स्मार्टफोन बाजार में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बाजार से 9,000 रुपये से कम कीमत वाले बजट स्मार्टफोन तेजी से गायब हो रहे हैं। स्मार्टफोन बनाने में इस्तेमाल होने वाले पार्ट्स और मेमोरी महंगे होने के कारण टेक कंपनियों के लिए एंट्री-लेवल फोन बनाना अब घाटे का सौदा बन गया है।

ऐसे में कम बजट वाले ग्राहकों को अपने साथ जोड़े रखने के लिए कंपनियां अब पुरानी 4G तकनीक का सहारा ले रही हैं, जिससे 4G स्मार्टफोन्स को बाजार में एक नई संजीवनी मिल गई है।

बिक्री में भारी गिरावट

मार्केट रिसर्च फर्म IDC (International Data Corporation) की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल की अप्रैल-जून तिमाही में ₹9,000 से सस्ते स्मार्टफोन की बिक्री में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 74.3% की भारी गिरावट दर्ज की गई है।भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में इस बजट कैटेगरी की हिस्सेदारी पहले 15.6% थी, जो अब सिमटकर महज 4.5% रह गई है।

स्मार्टफोन की औसत कीमत 

टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की रिपोर्ट के अनुसार, कुल स्मार्टफोन बाजार की ओवरऑल बिक्री में 11.1% की गिरावट आई है और यह घटकर 3.32 करोड़ यूनिट पर आ गई है।

इसके बावजूद, स्मार्टफोन्स की औसत बिक्री कीमत (Average Selling Price – ASP) में 14.4% का उछाल आया है, जो बढ़कर लगभग ₹28,400 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। कंपनियों ने अपने घटते मुनाफे को बचाने के लिए ग्राहकों को दिए जाने वाले डिस्काउंट और ऑफर्स में भी कटौती कर दी है।

सस्ते फोन का दौर खत्म

भारतीय कंज्यूमर्स का रुझान अब सस्ते फोन्स के बजाय थोड़े बेहतर और प्रीमियम फीचर्स वाले स्मार्टफोन्स की तरफ बढ़ रहा है. ₹9,000 से कम वाले फोन लगभग खत्म होने की कगार पर हैं। ₹36,000 से ₹54,000 की कीमत वाले प्रीमियम स्मार्टफोन्स की डिमांड में 60.3% की जोरदार बढ़ोतरी देखी गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि कंपोनेंट्स की बढ़ती कीमतों और 5G नेटवर्क के विस्तार की वजह से एंट्री-लेवल सेगमेंट में कीमतें बढ़ रही हैं, जिससे आम उपभोक्ता अब थोड़े महंगे लेकिन टिकाऊ स्मार्टफोन खरीदना पसंद कर रहे हैं।

Back to top button