संसद का शीतकालीन सत्र आज से, कृषि कानून निरस्त सहित 26 विधेयक होंगे पेश

नई दिल्ली। संसद का शीतकालीन सत्र आज सोमवार से शुरू हो रहा है। संसद सत्र के पहले ही दिन मोदी सरकार तीनों कृषि कानून को वापस लेने का विधेयक सदन के पटल पर रखेगी। बताया जा रहा है कि सरकार पहले लोकसभा में कृषि कानून निरस्त विधेयक पेश करेगी, उसके बाद इसे राज्यसभा में ले जाया जाएगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर पहली बार लोकसभा में कृषि कानून निरसन विधेयक 2021 पेश करेंगे। माना जा रहा है कि संसद का शीतकालीन सत्र हंगामेदार होगा, क्योंकि विपक्ष ने कई मुद्दों पर चर्चा की मांग की है। हालांकि इस बीच विपक्षी एकता ही कमजोर होती दिख रही है।
सत्र के पहले दिन कांग्रेस की ओर से बुलाई गई विपक्ष की बैठक में टीएमसी और आप ने हिस्सा नहीं लिया है। कृषि कानून निरसन विधेयक के अलावा अन्य 26 बिल भी सरकार के एजेंडे में हैं।
यही वजह है कि सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस सहित समूचे विपक्ष ने अपने सांसदों को उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है।
शीत सत्र में आम आदमी पार्टी एमएसपी, यूपी टीईटी की परीक्षा के पेपर लीक होने का मुद्दा उठाएगी। इसके अलावा संसद सत्र में पेगासस, लखीमपुर खीरी समेत कई अन्य मुद्दों पर हंगामा होना तय है।
23 दिसंबर तक चलेगा शीतकालीन सत्र
इस बीच संसद सत्र की पूर्व संध्या पर 31 दलों के 42 सांसदों ने सर्वदलीय बैठक में भाग लिया। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक में शामिल नहीं हुए।
महीने भर चलने वाले इस सत्र में 26 विधेयकों को संसद में पेश करने के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा। सत्र 23 दिसंबर तक चलेगा।





