कृषि कानूनों के खिलाफ मार्च करेंगे राहुल गांधी, राष्ट्रपति को देंगे ज्ञापन

नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कल 24 दिसम्बर को सुबह 10.45 बजे विजय चौक से राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे।

इस मार्च में राहुल के नेतृत्व में अन्य कांग्रेसी सांसद भी भाग लेंगे। इसके बाद राहुल और अन्य वरिष्ठ नेता राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे और उनके हस्तक्षेप के लिए दो करोड़ हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन प्रस्तुत करेंगे। कांग्रेस सांसद के.सुरेश ने यह जानकारी दी है। 

नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेताओं पर साधा निशाना

दूसरी ओर कांग्रेसी नेताओं के प्रदर्शन को लेकर मप्र के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि कांग्रेस नेता कमलनाथ , जो 15 महीनों में कभी किसान के खेतों में नहीं गए, वे ट्रैक्टर की सवारी करेंगे। राहुल गांधी, जिन्होंने ‘सोफा-कम-ट्रैक्टर’ चलाया था, उन्हें यह भी नहीं पता कि आलू जमीन के ऊपर उगता है या नीचे।

मिश्रा ने कहा, मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि इन कृषि कानूनों में ‘काला’ क्या है। यह ‘टुकड़े-टुकड़े गिरोह’ किसानों को भड़काने और गुमराह करने वाला है। अब तक, कोई भी ‘काले कानूनों’ की व्याख्या नहीं कर सका।

Leave a Reply

Back to top button