पीएम मोदी ने आज सुबह एम्स में लगवाई कोरोना वैक्सीन, की यह अपील

पीएम मोदी ने लगवाई कोरोना वैक्सीन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ले ली है। वे खुद सुबह-सुबह दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल पहुंचे और टीका लगवाया। उन्होंने लोगों से भी कोरोना का टीका लगवाने की अपील की है।

बता दें एक मार्च यानी आज से देशभर में कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण की शुरुआत हो रही है। इस चरण में 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों का टीकाकरण किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके कहा, ‘मैंने एम्स में कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक ली, यह प्रशंसनीय है कि कैसे हमारे डॉक्टरों और वैज्ञानिकों ने कोरोना के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने के लिए त्वरित समय में काम किया है। मैं उन सभी से अपील करता हूं, जो वैक्सीन लेने के योग्य हैं, साथ आएं, हम मिलकर भारत को कोरोना मुक्त बनाएंगे।’

एम्स सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत बॉयोटेक की कोवैक्सीन (Covaxin) की पहली खुराक ली है। 

दिल्ली स्थित एम्स में काम करने वाली पुडुचेरी की नर्स पी निवेदा ने प्रधानमंत्री मोदी को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक दी है। कोवैक्सीन स्वदेशी वैक्सीन है, जिसे भारत में आपात इस्तेमाल की अनुमति मिली हुई है।

वैक्सीन की विश्वसनीयता का संकट होगा खत्म

स्वदेशी वैक्सीन ‘कोवैक्सीन’ की डोज लेकर प्रधानमंत्री ने एक साथ कई संदेश देने का काम किया है। इस वैक्सीन पर विपक्ष के कई नेता सवाल उठा चुके हैं। अब प्रधानमंत्री ने इस वैक्सीन की डोज लेकर इसकी विश्वसनीयता पर उठ रहे सवालों को खत्म करने का काम किया है।

Leave a Reply

Back to top button