आप ने किया राज्यसभा उम्मीदवारों का एलान, राजनीति की पिच पर होंगे हरभजन

AAP announces names of candidates for Rajya Sabha

चंडीगढ़। पंजाब से राज्यसभा के लिए आम आदमी पार्टी ने पांचों नामों का एलान कर दिया है। इनके लिए क्रिकेटर हरभजन सिंह, आप के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा, आईआईटी दिल्ली के प्रो. संदीप पाठक, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर अशोक मित्तल और कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर केयर चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक संजीव अरोड़ा के नाम घोषित किए गए हैं। सभी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन भर दिया है।

खेल विश्वविद्यालय के प्रमुख बनाए जा सकते हैं हरभजन

हरभजन सिंह के क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से उनके राजनीति में आने की चर्चाएं तेज थीं।

आप सूत्रों के अनुसार, हरभजन सिंह को पंजाब में एक खेल विश्वविद्यालय का प्रमुख बनाया जा सकता है।

संदीप पाठक लंदन से स्नातक हैं और पंजाब जीत में उनकी बड़ी भूमिका थी। रविवार को नवनिर्वाचित विधायकों से बातचीत के दौरान भी अरविंद केजरीवाल ने पाठक की तारीफ की थी।

33 साल के राघव चड्ढा सबसे युवा राज्यसभा सदस्य बन सकते हैं। पंजाब में मिली ऐतिहासिक जीत में उनका बड़ा योगदान था।

अशोक मित्तल लवली लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक हैं। वे पंजाब में शिक्षा क्षेत्र में काफी लंबे समय से काम कर रहे हें।

संजीव अरोड़ा लुधियाना के बड़े व्यवसायियों में शामिल हैं। वे कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर केयर चैरिटेबल ट्रस्ट चलाते हैं।

इनकी सीटें हो रही हैं खाली

पंजाब में राज्यसभा सांसद कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा और शमशेर सिंह दूलो, अकाली दल के सुखदेव सिंह ढींडसा और नरेश गुजराल के अलावा भाजपा के श्वेत मलिक का कार्यकाल खत्म हो रहा है।

पंजाब के विधानसभा चुनाव में आप ने 117 में से 92 सीटों पर विजय हासिल की है। इस कारण से राज्यसभा की खाली हो रहीं पांच सीटों पर आप के प्रत्याशियों की जीत होनी तय है।

Back to top button