एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प को सशक्त कर रही है भाजपा: पीएम मोदी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी आज अपना 42वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि मैं देश और दुनिया भर में फैले भाजपा के प्रत्येक सदस्य को बहुत बहुत शुभकामनाएं देता हूं। कश्मीर से कन्याकुमारी, कच्छ से कोहिमा तक भाजपा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को निरंतर सशक्त कर रही है।
हमारे कार्यकर्ताओं ने दिन-रात काम किया: नड्डा
स्थापना दिवस के इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी का झंडा फहराया।अपने संबोधन में जेपी नड्डा ने कहा कि देश में आज हमारे विधायकों की संख्या 1,379 है, हमारे कार्यकर्ताओं ने दिन-रात काम किया। सेवा ही संगठन है और सेवा ही हमारा लक्ष्य है। ये पार्टी गरीबों की पार्टी है।
जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो भाजपा की विकास यात्रा में अपने जीवन को लगाया है उसका परिणाम आज हमलोगों को दिख रहा है। मैं करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उनका हार्दिक अभिनंदन करता हूं।

भाजपा की यात्रा देश और दुनिया के लिए आश्चर्य का विषय
भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कहा कि भाजपा की यात्रा देश और दुनिया के राजनीतिक विश्लेषकों के लिए आश्चर्य का विषय है। ये यात्रा बहुत कुछ कह देती है।
योगी ने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना का उद्देश्य यही था कि हमें सत्ता की राजनीति नहीं, हमें भारत के लिए समर्पण का भाव पैदा करने वाले लोगों को एक राजनीतिक दल के रूप में आगे बढ़ाने का कार्य करना है।
