वैश्विक निवेश मानचित्र पर यूपी को मजबूती… माएर्स्क के MD ने CM Yogi से की मुलाकात

UP News: उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का लगातार समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में सिंगापुर की अग्रणी एकीकृत कंटेनर लॉजिस्टिक्स कंपनी एपी मोलर माएर्स्क के प्रबंध निदेशक रीन पील पेडरसन ने सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में निवेश विस्तार और भविष्य की संभावनाओं को लेकर गहन और सकारात्मक चर्चा हुई।

इस बैठक में विवेक शर्मा, हेड–बिजनेस डेवलपमेंट एवं रेगुलेटरी अफेयर्स (भारत, बांग्लादेश एवं श्रीलंका क्षेत्र) भी उपस्थित रहे।

निवेश के अनुकूल माहौल पर विस्तार से चर्चा
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश में निवेश की व्यापक संभावनाओं, उद्योगों के लिए अनुकूल कारोबारी वातावरण और राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेज़ी से विकसित हो रहे राज्यों में शामिल है और यहां निवेशकों को सुरक्षित, स्थिर और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम, त्वरित स्वीकृतियां, नीति आधारित प्रोत्साहन और मजबूत कानून व्यवस्था के जरिए राज्य सरकार निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग दे रही है।


इंफ्रास्ट्रक्चर बना यूपी की बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि

व्यापक एक्सप्रेसवे नेटवर्क,

आधुनिक लॉजिस्टिक्स हब,

औद्योगिक कॉरिडोर,

और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर

ने उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य बना दिया है। उन्होंने एपी मोलर माएर्स्क को राज्य में अपने निवेश का विस्तार करने के लिए आमंत्रित करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार आवश्यक भूमि, कनेक्टिविटी और नीतिगत सहयोग सुनिश्चित करेगी।

यह भी पढ़ें…

मानव संपदा पोर्टल पर ब्योरा नहीं दिया तो रुका वेतन… 68 हजार कर्मचारियों पर कार्रवाई

माएर्स्क ने यूपी के कारोबारी माहौल को सराहा
इस अवसर पर माएर्स्क की ओर से विवेक शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों और यहां के अनुकूल कारोबारी माहौल को लेकर हमारी मुख्यमंत्री से बहुत सार्थक चर्चा हुई। हमारी कंपनी पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य की मजबूत कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण और राज्य सरकार से मिले सहयोग ने उनके व्यवसाय के विस्तार को आसान बनाया है। विवेक शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि माएर्स्क भविष्य में भी उत्तर प्रदेश में नए निवेश अवसरों की तलाश के लिए उत्सुक है।

लॉजिस्टिक्स सेक्टर को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
गौरतलब है कि एपी मोलर माएर्स्क शिपिंग, बंदरगाह, जल परिवहन और अंतर्देशीय लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में वैश्विक स्तर की अग्रणी कंपनी है। कंपनी के संभावित निवेश से उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम को मजबूती, औद्योगिक गतिविधियों में तेजी, और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावना है।

यह भी पढ़ें…

लखनऊ में BJP विधायक के भतीजे ने किया सुसाइड, पंखे से लटकता मिला शव

‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को मिलेगा बल
विशेषज्ञों के अनुसार, माएर्स्क जैसी वैश्विक कंपनी का निवेश उत्तर प्रदेश को न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने में मदद करेगा। यह पहल ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें…

UP News: मोमोज की लत ने बनाया चोर, लड़के ने ठेले वाले को बेची लाखों की जूलरी

Back to top button