
लखनऊ में राहुल गांधी का सरकार पर बड़ा हमला, बोले-ट्रंप के सामने झुक गए मोदी
Rahul Gandhi शुक्रवार को लखनऊ में कांशीराम जयंती पर आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में बोल रहे थे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा- नरेंद्र मोदी साइकोलॉजिकली खत्म हो गए हैं।
लखनऊ में आयोजित कांशीराम जयंती कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने प्रधानमंत्री Narendra Modi पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अब मनोवैज्ञानिक रूप से हार चुके हैं और देश के हितों की जगह समझौतों की राजनीति कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने हाल की अंतरराष्ट्रीय नीतियों और समझौतों में भारत के हितों से समझौता किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अमेरिका के सामने झुक गए हैं और इससे भारत के किसानों और आम लोगों को नुकसान हो सकता है। मोदी अब भारत के प्रधानमंत्री नहीं रहे, वह अमेरिका के लिए काम कर रहे हैं और नरेंदर ने सरेंडर कर दिया है। जब मैं यह बात संसद में बोलने जा रहा था तो नरेंद्र मोदी जी भाग कर निकल गए।
“संसद में सच बोलने से रोका गया”
राहुल गांधी ने दावा किया कि जब वह संसद में कुछ संवेदनशील मुद्दे उठाने जा रहे थे, तब उन्हें बोलने से रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब नेता प्रतिपक्ष को संसद में अपनी बात रखने से रोका गया।
उन्होंने कहा कि संसद में उन्होंने कुछ अंतरराष्ट्रीय और राजनीतिक मामलों का जिक्र करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। राहुल गांधी ने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताया और कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है।
“अमेरिका के साथ समझौते से किसानों को नुकसान होगा”
कांग्रेस नेता ने कहा कि हाल में हुए अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों में भारत को अपेक्षित लाभ नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन समझौतों से अमेरिकी कंपनियों को ज्यादा फायदा हुआ जबकि भारत के किसानों और छोटे उद्योगों पर इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है। राहुल गांधी ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा से भी समझौता किया गया है और अब यह तय किया जा रहा है कि भारत तेल कहां से खरीदेगा।
कांशीराम के संघर्ष को किया याद
इस कार्यक्रम का आयोजन राजधानी Lucknow के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया गया था। यह कार्यक्रम बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक और दलित राजनीति के प्रमुख नेता Kanshi Ram की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। राहुल गांधी ने कांशीराम के संघर्ष और उनके राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों को राजनीतिक आवाज दी।
उन्होंने कहा कि केवल इच्छा करने से परिवर्तन नहीं आता, बल्कि उसके लिए लगातार संघर्ष करना पड़ता है। कांशीराम, डॉ. भीमराव अंबेडकर और महात्मा गांधी जैसे नेताओं ने विचारों के दम पर समाज में बदलाव की लड़ाई लड़ी।
“यह केवल चुनाव की नहीं, व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई”
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में सामाजिक और राजनीतिक असमानता के खिलाफ संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल चुनाव जीतने की लड़ाई नहीं है बल्कि व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सामाजिक न्याय और समानता के लिए लगातार संघर्ष करें।
कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस संगोष्ठी का संचालन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन डॉ. अनिल जय हिंद ने किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, डॉ. राजेंद्र पाल गौतम, सांसद राकेश राठौर, पूर्व मंत्री के.के. गौतम, पूर्व सांसद लालमनी प्रसाद, पूर्व आईएएस अनीस अंसारी सहित कई वरिष्ठ नेता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।





