बजट सत्र का दूसरा चरण संपन्न, दोनों सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज गुरुवार को संपन्न हो गया है। इसके साथ ही लोकसभा और राज्यसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई। बजट सत्र पूर्व निर्धारित 8 अप्रैल से एक दिन पहले ही संपन्न हो गया।
महंगाई के मुद्दे पर हुआ हंगामा
बजट सत्र के दूसरे चरण में महंगाई का मुद्दा खूब उछला। विपक्षी दलों ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सदन में जमकर हंगामा किया। हंगामे के चलते कई बार कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।

31 जनवरी से 11 फरवरी तक चला था पहला चरण
कोरोना के चलते बजट सत्र को दो चरणों में बांटा गया। बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी को शुरू होकर 11 फरवरी को समाप्त हुआ था। इसके बाद दोनों सदनों में बजट पत्र के परीक्षण के लिए अवकाश की घोषणा कर दी गई थी।
14 मार्च को शुरू हुआ था दूसरा चरण
बजट सत्र का दूसरा चरण 14 मार्च को शुरू हुआ, जिसका समापन आठ अप्रैल को होना था। सत्र के दौरान बजट प्रक्रिया के अलावा कुछ अहम विधेयक भी पारित हुए, जिनमें दिल्ली नगर निगम (संशोधन) विधेयक व अपराध प्रक्रिया (पहचान) विधेयक शामिल हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि हमें सदन की मर्यादा और गरिमा को बनाए रखना चाहिए। 2023 के अंदर हम देश की सभी विधानमंडल की कार्यवाही को एक पटल पर ला देंगे। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक वर्ष की सारी कार्यवाही आपको मिल जाए।
लोकसभा अध्यक्ष ने जानकारी दी कि इस सत्र में सभी सदस्यों ने देर रात तक बैठकर सदन की कार्यवाही में हिस्सा लिया। कुल 13 विधेयक पारित हुए हैं, पांच विषयों पर अनुदान मांगों पर चर्चा हुई। बजट पर भी चर्चा की गई है।





