
सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की वसीम रिजवी की याचिका, लगाया जुर्माना

नई दिल्ली/लखनऊ। सुप्रीम कोर्ट ने किसी भी धार्मिक ग्रंथ में दखल देने से साफ इन्कार करते हुए लखनऊ के वसीम रिजवी की कुरान शरीफ से 26 आयतों को हटाने वाली याचिका खारिज कर दी, साथ ही कोर्ट ने याची पर 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।
बताते चलें कि उप्र शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी ने कुरान की 26 आयतों को हटाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। इस याचिका पर आज सुनवाई की गई। सुप्रीम कोर्ट ने कुरान की आयतों के खिलाफ दाखिल याचिका को खारिज कर दिया।
इसके साथ ही कोर्ट ने वसीम रिजवी पर पचास हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। वजीम रिजवी का कहना था कि इन आयतों को पढ़ाकर बहुत से छात्रों को मिसगाइड किया जाता है।
सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस आरएफ नरीमन की अगुवाई वाली बेंच ने इस याचिका पर सोमवार को सुनवाई की। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि मुझे इस एसएलपी के बारे में सारे तथ्य पता हैं।
इस पर कोर्ट ने कहा कि यह एसएलपी नहीं रिट है और आप अपनी याचिका को लेकर कितने गंभीर हैं।
याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि मदरसों में यह आयतें पढ़ाई जाती हैं, छात्रों को इससे मिसगाइड किया जाता है, यही आयतें पढ़ाकर और समझा कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकवादी तैयार किए जाते हैं।
इस पर शीर्ष अदालत ने कहा कि यह निराधार याचिका है। कोर्ट ने इसके साथ ही पचास हजार रुपए जुर्माना लगाकर याचिका खारिज कर दी।





