देश के दो स्टेडियम और 10 निजी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी

Bomb Threat In Gujarat: गुजरात के अहमदाबाद में करीब 10 निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूलों में पहुंचकर जांच शुरू की। हालांकि, तलाशी के दौरान किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों ने धमकी को फर्जी बताया है।

पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया था कि इन स्कूलों में बम धमाके किए जाएंगे। ईमेल भेजने वाले ने खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ से जुड़ा बताया था। हालांकि, जांच में अभी तक इस संगठन से धमकी का कोई संबंध सामने नहीं आया है।

धमकी मिलने के बाद पुलिस के साथ बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और एंटी-सैबोटाज टीमों को स्कूलों में भेजा गया। टीमों ने स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली, लेकिन कहीं भी बम या कोई अन्य संदिग्ध सामान नहीं मिला। डीसीपी जोन-7 शिव वर्मा ने बताया कि करीब 10 स्कूलों को ईमेल भेजकर सुबह बम धमाके किए जाने की बात कही गई थी। पुलिस टीमों ने सभी स्कूलों की अच्छी तरह जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।
ईमेल में दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक नवंबर और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 21 नवंबर को बम धमाके करने की धमकी भी दी गई। इन दोनों तारीखों पर गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट होने हैं। ईमेल में लोगों को इन कार्यक्रमों में शामिल न होने की चेतावनी भी दी गई थी। अधिकारियों के अनुसार, अहमदाबाद में इससे पहले भी कई स्कूलों, अदालतों और अन्य संस्थानों को इसी तरह की फर्जी बम धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल पुलिस ईमेल के स्रोत और इसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान की जांच कर रही है।
Back to top button