यूएई ने की ईरान की कड़ी निंदा
संयुक्त अरब अमीरात। यूएई के विदेश मंत्रालय ने इन हमलों की कड़ी निंदा की और ईरान से तत्काल हमले रोकने की मांग की। मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों में आवाजाही बाधित करना गंभीर चिंता का विषय है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह हमला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2817 का खुला उल्लंघन है। इस प्रस्ताव में समुद्री मार्गों पर नौवहन की स्वतंत्रता के महत्व की पुष्टि की गई है और वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाने तथा अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में बाधा उत्पन्न करने को अस्वीकार किया गया है।
होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे संयुक्त अरब अमीरात की सरकारी तेल कंपनी अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के दो जहाजों पर हमले की पुष्टि के बाद यूएई ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अबू धाबी ने हमलों की निंदा करते हुए इन्हें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2817 का उल्लंघन बताया है। UAE ने ईरान से शत्रुता समाप्त करने और होर्मुज जलडमरूमध्य को बिना किसी शर्त के पूरी तरह खोलने की मांग की है। अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है।