
Charlie Kirk News: डिबेट के दौरान चार्ली किर्क को मारी गई गोली, हत्या के बाद क्या बोले ट्रंप ?
Charlie Kirk News: गुरुवार को एक वीडियो संदेश में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यूटा वैली विश्वविद्यालय में अपने प्रमुख सहयोगी चार्ली कर्क की हत्या पर “दुख और गुस्सा” व्यक्त किया।
Charlie Kirk News: अमेरिका में हथियार रखने के अधिकार (Second Amendment) पर हमेशा से बहस होती रही है. ट्रंप समर्थक और टर्निंग प्वाइंट यूएसए के संस्थापक चार्ली किर्क इसी बहस के जाने मानें चेहरों में से एक थे। बुधवार को जब ओरेम, यूटा वैली यूनिवर्सिटी में मंच से वह ठीक यही मुद्दा उठा रहे थे तभी गोली चली और उनकी मौत हो गई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर उनकी मौत की पुष्टि करते हुए कहा, “महान और युवाओं की आवाज चार्ली अब हमारे बीच नहीं रहे.”
कौन थे चार्ली कर्क
सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स वाले चार्ली को TPUSA यानी टर्निंग पॉइंट यूएसए के संस्थापक के तौर पर जाना जाता है। उन्होंने इसकी स्थापना 2012 में महज 18 साल की उम्र में की थी। उनका जन्म शिकागो के एक उपनगरीय क्षेत्र में हुआ था। लॉन्चिंग के बाद से ही संगठन तेजी से बढ़ा और अमेरिका के कॉलेजों में इसका विस्तार हुआ। कहा जाता है कि इसके 800 से ज्यादा चैप्टर हैं, जो अलग-अलग कॉलेजों में काम कर रहे हैं।
खबर है कि इस संगठन ने साल 2024 में हुए राष्ट्रपति चुनाव के दौरान युवाओं को एकजुट करने में बड़ी भूमिका निभाई थी। कॉलेज छात्रों के साथ उनकी कई डिबेट्स सोशल मीडिया पर वायरल होती रही हैं। साथ ही वह फॉक्स न्यूज पर कार्यक्रम ‘द कर्क शो’ के होस्ट भी थे।
घटना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें किर्क की गर्दन पर गोली लगते दिखाई दे रही है। वीडियो में किर्क एक सफेद तंबू के नीचे हाथ में माइक्रोफोन पकड़े बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं। तभी एक गोली चलती है और किर्क अपना दाहिना हाथ ऊपर की ओर बढ़ाते हुए दिखाई देते हैं, जबकि उनकी गर्दन के बाई ओर से ढेर सारा खून बह रहा होता है। समाचार एजेंसी एपी ने पुष्टि की है कि ये वीडियो यूटा वैली यूनिवर्सिटी कैंपस में लिए गए थे।





