US पुलिस ने भारतीय इंजीनियर को मारी गोली, परिवार ने विदेश मंत्रालय को लिखा पत्र

Indian Techie Shot Dead: निजामुद्दीन के पिता ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे नहीं पता कि पुलिस ने मेरे बेटे को क्यों गोली मारी।

Indian Techie Shot Dead: अमेरिका में तेलंगाना के महबूबनगर जिले के एक 30 वर्षीय व्यक्ति मोहम्मद निजामुद्दीन की अमेरिका में कथित तौर पर पुलिस द्वारा गोली मारे जाने से मौत हो गई. मृतक के परिजनों ने गुरुवार को जानकारी दी कि उसके रूममेट के साथ उसका झगड़ा हुआ था. वहीं, पुलिस ने हादसे वाली जगह से दो चाकू बरामद किए हैं.

बेटे का पार्थिव शरीर भारत लाने की मांग

वहीं तेलंगाना के महबूबनगर जिला निवासी मोहम्मद के पिता मोहम्मद हसनुद्दीन ने भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर को खत लिखकर जवाब मांगा है और उनसे इंसाफ की गुहार लगाई है. उन्होंने विदेश मंत्री से बेटे के पार्थिव शरीर को भारत लाने की अपील भी की है. उन्होंने लेटर में लिखा कि उनका बेटा अमेरिका में मास्टर्स करने गया था और कैलिफोर्निया के सांता कलारा में रहता था, लेकिन दोस्त से उसकी हत्या होने की खबर मिली है. नस्लीय भेदभाव के चलते विवाद हुआ होगा, जिसके बारे में उसने परिवार को बताया भी था।

क्या हुआ था उस दिन

सांता क्लारा पुलिस विभाग (SCPD) के अनुसार, 3 सितंबर को सुबह 6.08 बजे एक घर में चाकूबाजी की सूचना मिली। पुलिस के अनुसार, निजामुद्दीन ने अपने रूममेट पर चाकू से हमला किया था। जब अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो वह कथित तौर पर चाकू पकड़े हुए थे और दोबारा हमला करने की धमकी दे रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। निजामुद्दीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से दो चाकू बरामद किए।

वहीं, घायल रूममेट का इलाज चल रहा है। सांता क्लारा पुलिस प्रमुख कोरी मॉर्गन ने कहा कि यह झगड़ा रूममेट्स के बीच बढ़ा और हालात ऐसे बन गए कि अधिकारी की कार्रवाई से आगे की जान बची। उनका कहना है कि गोली चलाना आवश्यक था, क्योंकि निजामुद्दीन के हाथ में चाकू था और वह हमले की धमकी दे रहा था।

 

 

 

 

Back to top button