
Delhi: नवरात्रि में कुट्टू का आटा खाने से सैकड़ों लोग बीमार, दिल्ली में मचा हड़कंप
Kuttu Atta Cause Illness: नवरात्रि में कुट्टू का आटा खाने के बाद उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के करीब 150-200 लोग बीमार हो गए। उन्हें उल्टी और बेचैनी की शिकायत हुई, लेकिन सभी की हालत स्थिर है।
Kuttu Atta Cause Illness: देशभर में नवरात्रि के पर्व में मां की आराधना की जा रही है। इसी बीच मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री से लोगों के स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ किया जा रहा है। अब, ऐसा ही मामला दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके से मंगलवार सुबह सामने आया, जब बड़ी संख्या में लोगों ने कुट्टू का आटा खाने के बाद अचानक उल्टी और बेचैनी की शिकायत की। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई की।
क्या है पूरा मामला?
इस घटना की जानकारी मंगलवार सुबह करीब 6:10 बजे जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन को मिली। लोगों ने बताया कि उन्होंने नवरात्रि का व्रत रखा था और कुट्टू के आटे से बनी पूड़ी, पराठे या हलवा खाया था। इसके कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत खराब होने लगी। प्रभावित लोग दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के जहांगीरपुरी, महेंद्रा पार्क, समयपुर, भलस्वा डेयरी, लाल बाग और स्वरूप नगर जैसे इलाकों से थे। एक ही समय में इतने सारे लोगों का बीमार होना गंभीर चिंता का विषय बन गया।
बाबू जगजीवन राम अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. विशेश यादव ने बताया कि 150-200 लोग उल्टी और बेचैनी की शिकायत के साथ इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे थे। राहत की बात यह रही कि सभी मरीजों की हालत स्थिर थी और किसी को भी भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी।
इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए स्थानीय दुकानदारों और वेंडरों को अलर्ट किया है। पुलिस की बीट स्टाफ और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को कुट्टू का आटा खरीदने और इस्तेमाल करने में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। साथ ही, इस मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग को भी सूचित कर दिया गया है। खाद्य विभाग इस बात की जांच करेगा कि क्या यह मिलावट का मामला है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





