
बरेली में हाईअलर्ट; जुमे की नमाज को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात…
Bareilly Violence update: बरेली में पिछले सप्ताह जुमे की नमाज के बाद ‘आई लव मोहम्मद‘ को लेकर हिंसा भड़क गई थी. विरोध प्रदर्शनों के हिंसक होने के बाद अब आज की जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट है.
जिले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 6000 जवानों की अतिरिक्त फोर्स दूसरे जिलों से मंगाकर तैनात की गई है. इसके साथ ही दशहरा की रात बरेली पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च भी किया.
बरेली के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एके साहनी ने बताया कि शहर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस पैदल गश्त कर रही है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की 10 कंपनियां तैनात की गई हैं.
पुलिस का फ्लैग मार्च: ADG जोन बरेली रमित शर्मा और कमिश्नर भूपेंद्र चौधरी ने गुरुवार को शहर में फ्लैग मार्च किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की और शांति बनाए रखने की अपील की. शहर को 4 सुपर और 4 स्पेशल जोन में बांटा गया है. प्रत्येक सुपर जोन में एक IPS, दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और दो क्षेत्राधिकारी की तैनाती होगी. वहीं हर स्पेशल जोन में एक एडिशनल SP, दो CO और पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है.
मौलाना ने शांति की अपील की: बरेली की आला हजरत दरगाह के मौलाना अहसान रजा खां ने मुसलमानों से शांति बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि हर मुसलमान जुमे की नमाज अदा करने के बाद शांति से अपने घर लौटे. अफवाहों पर ध्यान न दें और अमन कायम रखें.
हिंसा-उपद्रव में अब तक 81 गिरफ्तार: वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हिंसा के लिए जिम्मेदार उपद्रवियों की पहचान की जा रही है. इस बीच, पुलिस ने बरेली में 26 सितंबर को हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव नफीस खान और उनके बेटे फरमान खान को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 81 हो गई है.
48 घंटे के लिए फिर से इंटरनेट सेवा बंद: आला हजरत दरगाह और आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के घर के बाहर लोगों का एक समूह आई लव मोहम्मद के पोस्टर लिए हुए इकट्ठा हुआ था. शुक्रवार की नमाज के बाद हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया था. अशांति के जवाब में, बरेली प्रशासन ने 2 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से 4 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक 48 घंटों के लिए मोबाइल इंटरनेट और ब्रॉडबैंड सेवाओं को निलंबित कर दिया.
अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात: डीआईजी साहनी ने बताया, स्थिति पूरी तरह सामान्य है. पुलिस रूट मार्च और पैदल गश्त कर रही है. हम सभी पक्षों से बात कर रहे हैं. सीआरपीएफ और जिला बलों के साथ-साथ प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की 10 कंपनियां यहां तैनात हैं.





