रायबरेली में दलित की हत्या पर सियासत तेज; युवक मरते-मरते बोला राहुल गांधी…

Raebareli news: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक दलित युवक को चोर समझकर लोगों ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. इस घटना को लेकर अब कांग्रेस ने यूपी की योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा है.

रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में 38 साल के मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक हरिओम की चोरी के शक में कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.

कांग्रेस पार्टी ने अपने ऑफिसियल X हैंडल पर पोस्ट करके लिखा है कि रायबरेली में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या करने की खबर बेहद दुखद है. शोकाकुल परिजनों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं. वीडियो में दलित युवक आखिरी उम्मीद के तौर पर जब नेता विपक्ष राहुल गांधी का नाम लेता है, तो हत्यारे कहते हैं कि- हम ‘बाबा’ वाले हैं. ये घटना बताती है कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों को खुली छूट दे रखी है.

कांग्रेस ने पोस्ट में आगे लिखा है कि खास तौर से दलितों के खिलाफ अपराध को लेकर वो आंख मूंदकर बैठे हैं. यही वजह है कि दलितों के खिलाफ अपराध के मामलों में यूपी नंबर 1 है. नेता विपक्ष राहुल गांधी ने युवक के परिवार से फोन पर बात की है. राहुल ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय की लड़ाई में पूरा साथ देने का वादा किया है. कांग्रेस परिवार दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है.

एएसपी संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि 3 अक्टूबर को ऊंचाहार थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर रेलवे हाल्ट के पास युवक का शव बरामद हुआ था. यहां उन्मादी भीड़ ने एक युवक को पीट-पीट कर मार डाला था. भीड़ को शक था कि युवक चोर है. हालांकि मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक एनटीपीसी के पास स्थित बैंक में सफाई कर्मी के पद पर तैनात अपनी पत्नी से मिलने आया था. पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी.

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सम्बंधित थाने के इंचार्ज संजय कुमार को हटाकर उन्हें अपराध शाखा में भेजा दिया. साथ ही 01 उपनिरीक्षक सहित 03 पुलिस कर्मियों को निलम्बित किया गया है.

अजय राय ने सीएम योगी पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब उसने (मृतक हरिओम) राहुल गांधी का नाम लिया और उन्होंने कहा कि हम बाबा वाले हैं. इसके बाद उन्होंने उसे और ज्यादा मारना शुरू कर दिया और मारते-मारते बेरहमी से उसकी हत्या कर दी. ये बाबा के राज में यहीं हो रहा है- अत्याचार, अन्याय, गुंडई और बाबा लोगों की हत्या करा रहे हैं. यूपी में ये जंगलराज चल रहा है.

अजय राय ने कहा आज प्रदेश में अपराध बढ़ गया हैं. प्रदेश का कोई जिला बचा नहीं है. बनारस में भी ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं. फतेहपुर के आदमी को रायबरेली में मार दिया जा रहा है. पूरे प्रदेश में बाबा का जंगल राज चल रहा है और बाबा के लोग ही दलित और ग़रीब लोगों की हत्या कर रहे हैं.

Back to top button