
रोहित-विराट को संन्यास के लिए किया मजबूर…गंभीर पर भड़के मनोज तिवारी
Manoj Tiwary blames Gautam Gambhir: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने गौतम गंभीर पर बड़े आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन को गंभीर ने मजबूरन रिटायर करा दिया।
Manoj Tiwary blames Gautam Gambhir: रोहित शर्मा को वनडे की कप्तानी से हटाने के बाद पूर्व क्रिकेटर लगातार बयानबाजी कर रहे हैं. अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने वनडे टीम की कप्तानी में हुए बदलाव और दिग्गज क्रिकेटरों के संन्यास को लेकर अपनी राय दी है और सीधे तौर पर माना है कि इसमें कहीं न कहीं कोच गौतम गंभीर का हाथ है. उनकी यह टिप्पणी रविचंद्रन अश्विन, रोहित शर्मा और विराट कोहली के हालिया संन्यास के संदर्भ में आई है.
अश्विन ने पिछले साल भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, जबकि रोहित और कोहली दोनों ने इंग्लैंड दौरे से कुछ हफ़्ते पहले मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी.
‘सीनियर खिलाड़ी सवाल करते हैं, इसलिए उन्हें हटाया गया’
मनोज तिवारी ने इनसाइड स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, ‘अगर टीम में अश्विन, रोहित या विराट जैसे सीनियर खिलाड़ी मौजूद हैं, तो ये लोग अनुभव के दम पर सवाल भी उठाते हैं। शायद इसी वजह से सुनिश्चित किया गया कि ये खिलाड़ी टीम में न रहें।’ तिवारी ने आगे कहा कि गंभीर के कोच बनने के बाद से कई विवाद सामने आए हैं। उन्होंने कहा, ‘जब से वह कोच बने हैं, बहुत सी चीजें बदल गई हैं। कई विवाद हुए हैं। मुझे लगता है, जो कुछ हो रहा है वो भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा संकेत नहीं है।’
‘गंभीर के कार्यकाल में बढ़े विवाद’
तिवारी ने कहा कि गंभीर के कोच बनने के बाद से चयन और फैसलों को लेकर लगातार अस्थिरता दिख रही है। उन्होंने कहा, ‘कभी अचानक किसी खिलाड़ी को स्क्वॉड में जोड़ा जा रहा है और तुरंत प्लेइंग इलेवन में मौका दिया जा रहा है। कई फैसलों में निरंतरता की कमी है। यह टीम के माहौल के लिए सही नहीं है।’ उन्होंने गंभीर पर परोक्ष रूप से यह भी आरोप लगाया कि वह सीनियर खिलाड़ियों के प्रभाव से बचना चाहते हैं ताकि उनकी बातों को चुनौती न मिले।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा, “मेरा मानना है कि जो परिस्थितियां बनी हैं, जो माहौल बना है, इन खिलाड़ियों पर जो दबाव है, मुझे लगता है कि रोहित और विराट भारतीय क्रिकेट के बेमिसाल सेवक रहे हैं. उन्होंने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, जो खिलाड़ी अपना तन-मन-धन से खेलते हैं, हमने देखा है कि उन्होंने अपना सब कुछ भारतीय क्रिकेट को दे दिया है.”





