वायु सेना दिवस पर देशभर में जश्न — राष्ट्रपति मुर्मू, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं

Air Force Day: वायु सेना दिवस के अवसर पर बुधवार को देश के शीर्ष नेताओं ने भारतीय वायु सेना को शुभकामनाएं दीं और वायु योद्धाओं के अदम्य साहस व पराक्रम को सलाम किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शुभकामनाएं संदेश साझा किए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया गर्व
राष्ट्रपति मुर्मू ने वायु योद्धाओं और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि वायु सेना दिवस पर सभी वायु योद्धाओं, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं। भारतीय वायु सेना ने सदैव साहस, प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता का परिचय दिया है। हमारे वायु योद्धा हमारे आकाश की रक्षा करते हैं और आपदाओं व मानवीय मिशनों के दौरान अथक समर्पण के साथ राष्ट्र की सेवा करते हैं। हमारी वायु सेना ने अपनी शक्ति और हर चुनौती का सामना करने की तत्परता से राष्ट्र को गौरवान्वित किया है।”


अमित शाह बोले — “आकाश के रक्षकों को सलाम”
गृहमंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में लिखा कि भारतीय वायु सेना दिवस पर, हमारे आकाश के रक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं। चाहे राष्ट्रीय सुरक्षा का भार उठाना हो या प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जान बचाना हो, भारतीय वायु सेना अपने अदम्य साहस और अटूट देशभक्ति के साथ सदैव खड़ी रहती है। इस दिन मैं इस बल के उन शहीदों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।”


योगी आदित्यनाथ बोले — “वायु वीरों ने रचा शौर्य का इतिहास”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट में कहा कि भारतीय वायु सेना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। वायु सेना ने अपने अद्वितीय शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा से भारत माता की अटल सुरक्षा सुनिश्चित की है। आपदा हो या युद्ध का मैदान, हर परिस्थिति में वायु वीरों ने साहस व शौर्य की अमिट गाथा रची है। राष्ट्र को अपने आकाश प्रहरी वीरों पर असीम गर्व है। जय हिंद।”


यह भी पढ़ें…

महर्षि वाल्मीकि के आदर्श विचारों का हमारे समाज पर गहरा प्रभाव: PM मोदी

पुष्कर सिंह धामी और मनोहर लाल ने भी दी बधाई
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में सदैव अग्रणी, पराक्रम और अदम्य साहस के प्रतीक वायु सेना के जवानों को ‘भारतीय वायु सेना दिवस’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपका शौर्य, अनुशासन और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।”


यह भी पढ़ें…

राष्ट्रीय सम्मेलन “देश में रक्षा निर्माण के अवसर” का आयोजन, रक्षा मंत्री करेंगे उद्घाटन

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने लिखा—
भारतीय वायु सेना दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। शौर्य, समर्पण एवं पराक्रम के प्रतीक हमारे वीर जाबाजों ने हमेशा ही हर विपरीत परिस्थिति में अपने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। वायु वीरों के पराक्रम पर राष्ट्र को गर्व है। जय हिंद।”

भारतीय वायु सेना की स्थापना 8 अक्टूबर 1932 को की गई थी। यह दिन देश के वीर वायु सैनिकों के पराक्रम, त्याग और समर्पण को नमन करने के लिए मनाया जाता है। इस अवसर पर एयर बेसों पर विशेष परेड और एयर शो का आयोजन किया जाता है। वायु योद्धाओं के पराक्रम ने हमेशा देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की है और आपदा के समय भी उन्होंने अपनी बहादुरी से लाखों जिंदगियां बचाई हैं।

यह भी पढ़ें…

सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी मामले में SC का केंद्र को नोटिस, जानें क्या कहा…

Back to top button